Fatehpur News: खुले मैदान में दम तोड़ रहे पौधे,नहीं हो सके रोपित
Fatehpur News: असोथर में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियानों के तहत विभिन्न विभागों द्वारा पौधों के रोपण का दावा किया गया है, लेकिन कौंडर ग्राम पंचायत में कई पौधे खुले मैदान में पड़े हैं। स्थानीय लोग इसकी सच्चाई पर सवाल उठा रहे हैं। एडियो पंचायत ललित कुमार ने पौधों के खराब होने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Fatehpur News: असोथर। एक पेड़ मां के नाम अभियान के दौरान दोआबा में लक्ष्य प्रतिपूर्ति का विभिन्न विभागों द्वारा दावा किया जा रहा है। लेकिन धरातल पर इन दावों को खुले मैदान में पड़े पौधे आइना दिखाने का काम कर रहे हैं। विभिन्न विभागों द्वारा शत प्रतिशत लक्ष्य को हासिल किए जाने के दावे किए गए हैं तो ग्राम पंचायत कौंडर में पड़े पौधे आखिर किस विभाग के हैं? यह अपने आप में कई सवाल खड़े कर रहा है। क्षेत्र की ग्राम पंचायत कौंडर में बड़ी संख्या में पौधों का रोपण नहीं किया गया जिससे यहां पर पौधे पालीबैग सहित खुले मैदान में पड़े महा अभियान की हकीकत की दास्तां बयां कर रहे हैं।
दोआबा की हरियाली प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से 51.31 लाख पौधे रोपे जाने के सभी 25 विभागों द्वारा दावे किए गए थे। ऐसे में सवाल यह उठता है कि जब उक्त संख्या में पौधों को रोपित किया जा चुका है तो यहां पर मैदान में पड़े पौधे क्यों नहीं रोपित हो सके। मैदान में पौधे पड़े देखकर स्थानीय लोग अभियान को लेकर चर्चाएं कर रहे हैं। साथ ही एक पेड़ मां के नाम अभियान की सफलता के दावों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। यहां पर खुले में पड़े पौधों में से अधिकतर सूखकर दम तोड़ चुके हैं तो कई सूखने की कगार पर हैं। वहीं एडीओ पंचायत ललित कुमार ने बताया कि यदि पौधे खराब हो रहे हैं या फिर दम तोड़ रहे हैं तो मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


