समय से पहले प्रसूताओं की छुट्टी पड़ सकती है भारी

Newswrap हिन्दुस्तान, फतेहपुर
Follow us on Google News
share

फतेहपुर में सरकारी और निजी अस्पतालों में सामान्य प्रसव के बाद प्रसूताओं को निर्धारित समय से पहले छुट्टी देने का मामला बढ़ता जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि मां और नवजात को 24 से 48 घंटे तक डॉक्टर की निगरानी में रहना चाहिए। समय से पहले छुट्टी मिलने पर जटिलताओं का खतरा बढ़ सकता है।

समय से पहले प्रसूताओं की छुट्टी पड़ सकती है भारी

फतेहपुर, संवाददाता। सरकारी और निजी अस्पतालों से सामान्य प्रसव के बाद प्रसूताओं को निर्धारित समय से पहले छुट्टी दिए जाने का मामला चिंता का विषय बनता जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि सामान्य परिस्थितियों में प्रसूता और नवजात को कम से कम 24 से 48 घंटे तक डॉक्टर की निगरानी में रखा जाना चाहिए, जिससे प्रसव के बाद जटिलताओं की समय रहते पहचान कर इलाज किया जा सके। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शिवानी बाजपेयी ने बताया कि सामान्य प्रसव के बाद शुरुआती 24 घंटे बेहद संवेदनशील होते हैं। इस दौरान अधिक रक्तस्राव, संक्रमण, ब्लड प्रेशर असंतुलन, नवजात को सांस लेने में दिक्कत या अन्य स्वास्थ्य समस्याएं सामने आ सकती हैं।

समय से पहले छुट्टी मिलने पर ऐसी स्थितियों में तत्काल चिकित्सकीय सहायता न मिलने से मां और शिशु दोनों की जान खतरे में पड़ सकती है। जिला महिला अस्पताल पहुंची कुछ महिलाओं के परिजनों ने भी बताया कि कई निजी अस्पतालों में प्रसव के कुछ घंटों बाद ही डिस्चार्ज कर दिया जाता है। उनका कहना है कि अस्पताल प्रबंधन बेड खाली कराने और अधिक मरीज लेने के उद्देश्य से ऐसा कर रहा है। वहीं मामले में एसीएमओ डॉ. पीके सिंह का कहना है कि प्रसव के बाद प्रसूता और नवजात की स्थिति पूरी तरह सामान्य होने और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ही छुट्टी दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन की गाइड लाइन के अनुसार सामान्य प्रसव में 24 से 48 घंटे तक निगरानी जरूरी है। फिलहाल अभी तक ऐसी शिकायत विभाग के पास नहीं आई है, यदि कहीं निर्धारित समय से पहले छुट्टी दिए जाने की शिकायत मिलती है तो जांच कर सम्बन्धित पर कार्रवाई की जाएगी।

Voice of UP

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।