
सरदार पटेल पार्क में कब्जा, रातों रात पड़ी टीन शेड
Fatehpur News - अमौली के सरदार वल्लभ भाई पटेल पार्क में निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ कि तीन लोगों ने पार्क में कब्जा कर लिया। ग्रामीणों ने थाने में तहरीर देकर पार्क को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है। विधायक ने आश्वासन दिया कि इस जमीन पर कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अमौली। कस्बा स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल पार्क में अभी निर्माण कार्य भी पूरा नहीं हो पाया कि यहां पर कब्जा किए जाने के मामले भी प्रकाश में आने लगे। बीती रात कस्बे वासियों ने पार्क को अपने स्वरूप में देखा लेकिन अगले दिन यहां पर तीन लोगों द्वारा दरवाजा खोलने के साथ ही टीन शेड पड़ा देख ग्रामीणों में नाराजगी दिखाई दे रहे है। जिसके चलते कब्जेदारों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर पार्क को कब्जा मुक्त कराए जाने की मांग की गई। कस्बे के मुख्य चौराहे में बेशकीमती ग्राम समाज की खाली पड़ी जमीन पर हाल ही में क्षेत्रीय विधायक के निर्देश पर यहां ग्राम प्रधान द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल पार्क का निर्माण कराए जाने के लिए बाउंड्रीवॉल संग गेट का निर्माण कार्य कराया गया था।
इस स्थान पर बीते दिनों कई सार्वजनिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा चुका है। लेकिन बीती रात तीन भाईयों द्वारा घर के पीछे एक दरवाजा लगाते हुए बाउंड्री के अंदर टीन सेड लगाकर कब्जा कर लिया। बेशकीमती जमीन पर कब्जा होता देख कस्बे वासियों में खासी नाराजगी दिखाई दे रही है। जिस पर कस्बे वासियों ने भाजपा मंडल अध्यक्ष संतोष गुप्ता के नेतृत्व में थाने में तीनों को नामजद करते हुए तहरीर देकर कब्जा गिरवाए जाने के साथ ही कार्यवाही किए जाने की मांग की है। तहरीर देने में राम भक्त वर्मा, साहब सिंह गौतम, रामसागर, ललित, रितु वर्मा, छोटा सेठ, शुभम, लक्ष्मीकांत, ऋषभ, अशोक कुमार, सुशील सोनी आदि मौजूद रहे। वहीं क्षेत्रीय विधायक राजेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि इस जमीन की तीन बार राजस्व टीम द्वारा नापजोख की जा चुकी है। यह जमीन महापुरुष के नाम की जमीन है जिसमें होने वाला कब्जा किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कब्जेदारों के खिलाफ सख्त कार्यवाही कराई जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




