Fatehpur News: स्कूल भवन निष्प्रयोज्य, मिनी सचिवालय में चल रहीं 123 बच्चों की कक्षाएं

हिन्दुस्तान, फतेहपुर
Follow us on Google News
share

Fatehpur News: विजयीपुर के प्राथमिक विद्यालय चंदापुर के 123 छात्रों की पढ़ाई संकट में है। जर्जर स्कूल भवन के कारण कक्षाएं पंचायत सचिवालय में चल रही हैं। ग्राम प्रधान और सचिव ने सचिवालय खाली कराने की मांग उठाई है, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। शिक्षा विभाग के पास कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है।

Fatehpur News: स्कूल भवन निष्प्रयोज्य, मिनी सचिवालय में चल रहीं 123 बच्चों की कक्षाएं

Fatehpur News: विजयीपुर, संवाददाता। क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय चंदापुर के 123 छात्रों की पढ़ाई अधर में हैं। स्कूल भवन जर्जर होने के कारण निष्प्रयोज्य घोषित हो गया तो एक वर्ष से पंचायत सचिवालय में कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। अब ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव ने सचिवालय खाली कराने की मांग उठाई है, जिससे पंचायत के विकास कार्यों में आ रही बाधाएं दूर हो सकें। अब सवाल उठता है कि आखिर स्कूली बच्चे अब कहां बैठकर शिक्षा ग्रहण करें।

स्कूल की स्थिति

प्राथमिक विद्यालय चंदापुर गढ़ा में 123 पंजीकृत हैं। स्कूल भवन निष्प्रयोज्य होने पर विद्यार्थियों की पढ़ाई सुरक्षित रखने के लिए विद्यालय को पंचायत भवन में स्थानांतरित किया गया था। लेकिन अब पंचायत भवन में विद्यालय चलने से पंचायत सचिव, लेखपाल और पंचायत सहायक के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। साथ ही लाइब्रेरी संचालन पर भी संकट खड़ा हो गया है। प्रधान और सचिव कई बार भवन खाली कराने की बात कह चुके हैं, लेकिन विद्यालय प्रशासन के पास फिलहाल कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है। मामले में एडीओ पंचायत मोहम्मद हारुन ने बताया कि विद्यालय पंचायत भवन के बरामदे में संचालित हो रहा है। पंचायत सहायक और प्रधान अपने स्तर पर कार्य कर रहे हैं।

पंचायती कार्यों पर प्रभाव

123 बच्चों की पढ़ाई बनाम पंचायत के विकास कार्य

पीएस चंदापुर गढ़ा का भवन निष्प्रयोज्य घोषित होने के बाद पिछले एक वर्ष से पंचायत भवन में कक्षाएं संचालित हो रही हैं। इससे एक ओर बच्चों की पढ़ाई जारी है, तो दूसरी ओर सचिवालय, लाइब्रेरी और पंचायत संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। यदि यहां से कक्षाएं हटाई जाती हैं तो शिक्षा विभाग के पास कोई अन्य विकल्प नहीं है।

भवन का जीर्णोद्धार

कोट.....

सचिवालय का जीर्णोद्धार होना है और लाइब्रेरी भी संचालित होनी है। विद्यालय चलने से पंचायत कार्य प्रभावित हो रहे हैं। प्रधानाध्यापक से कई बार भवन खाली करने को कहा गया है।

-मनीष कुमार, ग्राम पंचायत सचिव

कोट.....

एक वर्ष पहले ग्राम प्रधान ने स्वयं बच्चों के हित में पंचायत भवन उपलब्ध कराया था। उच्चाधिकारियों के जो निर्देश होंगे, उनका पालन किया जाएगा।

-मो. आरिफ सिद्दीकी, प्रधानाध्यापक

कोट.....

क्षेत्र के सभी जर्जर और निष्प्रयोज्य विद्यालय भवनों की रिपोर्ट शासन को भेजी जा चुकी है। चंदापुर विद्यालय के पास फिलहाल दूसरा विद्यालय नहीं है। पंचायत की मांग पर वैकल्पिक व्यवस्था कराई जाएगी।

-रजनीश श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी

सामान्य प्रश्न

कितने छात्र प्राथमिक विद्यालय चंदापुर में पढ़ते हैं?
प्राथमिक विद्यालय चंदापुर में 123 छात्र पंजीकृत हैं।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।