विटामिन-ए अभियान से नौनिहालों को मिलेगी सुरक्षा की खुराक

हिन्दुस्तान, फतेहपुर
Follow us on Google News
share

फतेहपुर में स्वास्थ्य विभाग 10 जून से बाल स्वास्थ्य पोषण माह की शुरुआत करेगा। इस दौरान 9 महीने से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक दी जाएगी। अभियान का उद्देश्य बच्चों का शारीरिक विकास और रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ाना है। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों को स्वास्थ्य केंद्र लाएं।

विटामिन-ए अभियान से नौनिहालों को मिलेगी सुरक्षा की खुराक

फतेहपुर। दोआबा में नौ माह से पांच वर्ष तक के बच्चों को कुपोषण, रतौंधी और संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग कल यानी 10 जून से बाल स्वास्थ्य पोषण माह का शुभारंभ करेगा। विटामिन-ए अभियान के तहत 11 जुलाई तक विशेष सत्र आयोजित कर बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान का संचालन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत किया जाएगा। जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, उपकेंद्रों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को विटामिन-ए की खुराक उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की संयुक्त टीमें क्षेत्रवार सूची के आधार पर बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करेंगी।

अभियान के दौरान नौ से 12 माह तक के बच्चों को आधा चम्मच यानी एक एमएल विटामिन-ए घोल की खुराक दी जाएगी। वहीं एक वर्ष से पांच वर्ष तक के बच्चों को एक पूरा चम्मच यानी दो एमएल विटामिन-ए घोल पिलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि निर्धारित मात्रा में दी जाने वाली यह खुराक बच्चों के शारीरिक विकास और रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ाने में भूमिका निभाती है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि विटामिन-ए बच्चों को खसरा, दस्त, निमोनिया और आंखों से जुड़ी समस्याओं से बचाने में मदद करता है। इसकी नियमित खुराक से रतौंधी जैसी गंभीर समस्या की आशंका भी कम होती है और बाल मृत्यु दर में कमी लाने में सहायता मिलती है। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वह 10 जून से 11 जुलाई के बीच अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्र या स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर विटामिन-ए की खुराक जरूर पिलाएं जिससे बच्चों का बेहतर स्वास्थ्य और पोषण सुनिश्चित किया जा सके।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।