स्मार्ट प्लानिंग, नियमित अभ्यास व पॉजिटिव सोच सफलता का बड़ा मंत्र
Fatehpur News - सीबीएसई बोर्ड परीक्षा नजदीक है, और टॉपर्स ने अपनी तैयारी के अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने स्मार्ट प्लानिंग, नियमित अभ्यास और सकारात्मक सोच को सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया। कक्षा 12 के टॉपरों ने सिलेबस पर ध्यान, समय प्रबंधन और तनाव कम करने की तकनीकों पर जोर दिया।

सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं नजदीक हैं और ऐसे समय में विद्यार्थियों के मन में तैयारी, समय प्रबंधन और सफलता को लेकर कई सवाल होते हैं। इन्हीं सवालों के जवाब तलाशने के लिए टॉपर्स टॉक के तहत 'हिन्दुस्तान' जिले के पूर्व सीबीएसई बोर्ड टॉपरों से रूबरू हुआ। इन टॉपरों ने न सिर्फ बोर्ड परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की, बल्कि अपनी पढ़ाई की रणनीति, अनुशासन और आत्मविश्वास से दूसरों के लिए मिसाल भी बने। इन्होंने परीक्षा के दौरान किस तरह की योजना बनाई, किन बातों पर विशेष फोकस रखा और तनाव को कैसे दूर किया, इन सभी अनुभवों को विद्यार्थियों के साथ साझा किया जा रहा है, जिससे वे भी बेहतर तैयारी के साथ परीक्षा में प्रतिभाग कर सकें।
इन टापर्स ने संदेश दिया कि सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में सफलता के लिए स्मार्ट प्लानिंग, नियमित अभ्यास और सकारात्मक सोच सबसे बड़ा मंत्र है। कक्षा 12 में 95.8 फीसदी अंक लाने वाले सक्षम ने बताया कि मैंने सीबीएसई सिलेबस और एनसीईआरटी को आधार बनाया। रोज़ाना रिवीजन और सैंपल पेपर से आत्मविश्वास बढ़ाने का काम किया। शिक्षकों के मार्गदर्शन में रिवीजन को हथियार बनाना चाहिए। कक्षा 12 में 96.8 फीसदी अंक लाने वाले युवराज ने बताया कि टाइम टेबल बनाकर पढ़ाई की और कमजोर टॉपिक्स पर ज्यादा समय दिया। बोर्ड पैटर्न को समझना सबसे जरूरी है। बोर्ड परीक्षा को लेकर मन में भय नहीं रहना चाहिए। शिक्षकों के मार्ग दर्शन पर आगे बढ़ना चाहिए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


