रवैया नहीं सुधारा तो व्यापार मंडल करेगा आन्दोलन
Fatehpur News - फतेहपुर में व्यापार मंडल ने श्रम विभाग द्वारा जारी की गई मनमानी नोटिसों के खिलाफ बैठक की। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि विभाग गलत तरीके से नोटिस जारी कर धन उगाही कर रहा है। संगठन ने चेतावनी दी है कि...

फतेहपुर/खागा, संवाददाता श्रम विभाग द्वारा जारी की गई नोटिसों के विरोध में व्यापार मंडल ने जिला कार्यालय में बैठक कर रणनीति तैयार की। प्रथम चरण में व्यापार मंडल एसडीएम व डीएम को ज्ञापन देकर प्रशासन को श्रम विभाग के मनमाने रवैये से अवगत कराएगा एवं इसके बाद भी ठोस कार्रवाई न होने पर आन्दोलन छेड़ा जाएगा। संगठन ने श्रम विभाग द्वारा पक्षपातपूर्ण एवं मनमर्जी ढंग से नोटिस जारी करने का आरोप लगाया।
गुरूवार को व्यापार मंडल(कंछल गुट) के जिलाध्यक्ष शिवचन्द्र शुक्ल की अध्यक्षता में मुख्यालय के देवीगंज स्थित जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में चर्चा के जिलाध्यक्ष शिवचन्द्र शुक्ल ने कहा कि श्रम विभाग द्वारा नगरवासियों एवं व्यापारियों को गलत तरीके से सेस के नाम पर नोटिस जारी की जा रही है। यह रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पदाधिकारियों ने यह आरोप भी लगाया कि विभाग नगरवासियों व व्यापारियों को नोटिस भेजकर धन उगाही भी कर रहा है। संगठन इसका कड़ा विरोध करता है। इस अवसर पर जिला महामंत्री जितेन्द्र सिंह, रिजवान डियर, युवा जिलाध्यक्ष सुनील गुप्त, राघवेन्द्र द्विवेदी, धरम सिंह, प्रमोद गुप्त, अमिताभ शुक्ल, अनुपम शुक्ल, रोहित सोनी, रवि कश्यप व सोनू परिहार समेत अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
क्या विभाग ने लोगों को जागरूक किया
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि 2009 में लागू नियमावली को अचानक बिना किसी जानकारी के लागू करना विभाग का गलत कदम है। विभाग ने जन जागरूकता अभियान चलाकर व्यापारियों व नगरवासियों को इस नियमावली की जानकारी नहीं दी। इसके बाद अपना लक्ष्य पूरा करने के लिए नोटिस जारी करना शुरू कर दिया।
‘एक समान निगाह से क्यों नहीं देखा
संगठन के पदाधिकारियों ने चर्चा के दौरान कहा कि कुछ को नोटिस देना और कुछ को छोड़ देना विभागीय अफसरों की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़ा कर रहा है। विभाग पर आरोप लगाया कि नगरवासियों से उगाही की जो बातें छन कर आ रही हैं, नोटिस देने के तरीके से सही प्रतीत होती हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।