कब्जे के लिए बुलडोजर चला मकान किया ध्वस्त
Fatehpur News - कल्याणपुर थाना क्षेत्र के रेवाड़ी गांव में दबंगों ने एक मकान पर दिनदहाड़े बुलडोजर चलवाया, जिससे हड़कंप मच गया। ग्रामीणों और व्यापारियों ने विरोध किया, लेकिन पुलिस के ढुलमुल रवैये के चलते पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि पुलिस की मौन सहमति थी। मामले की शिकायत एसपी से की गई है।

चौडगरा। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के रेवाड़ी गांव के बाजार में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दबंगों ने दिनदहाड़े एक मकान पर बुलडोजर चलवा दिया। घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण और कस्बा व्यापारी मौके पर पहुंच गए। ग्राम प्रधान की मौजूदगी में लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया और पुलिस से नोकझोंक भी हुई,लेकिन पुलिस का ढुलमुल रवैया देख पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि पुलिस की मौन सहमित दबंगों को थी। अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा दिया है। रेवाड़ी निवासी नीलू सिंह पुत्र राजेन्द्र प्रताप सिंह का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने जबरन कब्जे की नीयत से मकान गिरवा दिया।
कई सालों से दबंग कब्जा करना चाह रहे थे। यह पुराना मकान है और इसमें हम लोग नहीं रहते हैं। प्लाट की आड़े में उनके मकान के हिस्से वाली जमीन भी ये लोग कब्जा करना चाह रहे हें। पुलिस की मिलीभगत से बुधवार को मकान को दिनदहाड़े आरोपियों ने बुलडोजर से गिरवा दिया। देर शाम पीड़ित पक्ष ने एसपी से मामले की शिकायत की है। स्थानीय चर्चा है कि प्लॉट के नाम बैनामा कराया गया था, जबकि मौके पर मकान निर्मित था, जिसे सुनियोजित तरीके से ढहा दिया गया। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि वर्ष 2002 में राजेंद्र की माता चन्द्रकली से दो प्लॉट बैनामा कराए गए थे। भूमि विवादित नहीं है। उन्होंने अपने जमीन पर कार्रवाई की है। कार्यवाहक थाना प्रभारी संजय सिंह परिहार ने बताया कि सूचना पर पहुंचकर भीड़ को शांत कराया गया है। मामला राजस्व विभाग से संबंधित है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


