भूमिपूजन पर भिड़ीं सपा-भाजपा विधायक, अफसर हाथ जोड़े खड़े रहे

Apr 07, 2026 03:12 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, फतेहपुर
share

Fatehpur News - फतेहपुर में खागा नौबस्ता मार्ग के भूमि पूजन पर भाजपा विधायक कृष्णा पासवान और सपा विधायक ऊषा मौर्या के बीच विवाद हुआ। कृष्णा ने ऊषा को पूजा में शामिल होने से रोका, जिससे ऊषा नाराज होकर वहां से चली गईं। यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

भूमिपूजन पर भिड़ीं सपा-भाजपा विधायक, अफसर हाथ जोड़े खड़े रहे

फतेहपुर। खागा नौबस्ता मार्ग के भूमि पूजन पर अधिकारियों के आमंत्रण पर पहुंचीं भाजपा और सपा विधायक आपस में ही भिड़ गईं। भाजपा की खागा विधायक कृष्णा पासवान ने अपनी विधानसभा बता कर हुसैनगंज से सपा विधायक ऊषा मौर्या को साथ में बैठकर पूजा करने से मना दिया। दोनों में वाद विवाद शुरू हो गया। यह देख अधिकारी भी सकते में आ गए। अधिकारी हाथ जोड़े खड़े रहे। सपा विधायक अपना अपमान बता मौके से चली गईं। इस घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। हालांकि आपका अपना अखबार हिन्दुस्तान इन वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

सालों से खस्ताहाल खागा नौबस्ता मार्ग का निर्माण शुरू होना है। मंगलवार को खागा कस्बे में भूमि पूजन था। 13 किमी लंबे मार्ग इस मार्ग का आधा हिस्सा खागा विधानसभा में और आधा हुसैनगंज क्षेत्र में आता है। ऐसे में पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने खागा से भाजपा विधायक कृष्णा पासवान और हुसैनगंज से सपा विधायक ऊषा मौर्या को भूमि पूजन कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया था। तय समय पर दोनों विधायक पहुंच गईं। पूजा शुरू होनी थी। कृष्णा पासवान यजमान के रूप में बैठ गईं। मंत्रोच्चार के साथ आचार्यों ने पूजा शुरू करा दी। ऊषा मौर्या भी पूजा में यजमान के रूप में बैठने के लिए आगे आईं तो भाजपा विधायक कृष्णा पासवान ने विरोध कर दिया। उन्होंने कहा कि उनकी विधानसभा की सड़क है। उनके प्रस्ताव से पास हुई है। उनकी ही विधानसभा में पूजा हो रही है, तो पूजा में वह अकेले ही बैठेंगी। इसके बाद उषा मौर्या भी भड़क गईं। उन्होंने अपनी विधानसभा की सड़क बताई और पूजा में बैठ गईं। मौजूद लोग यह वाद विवाद देख चुप्पी साधे हुए थे। कुछ देर में ऊषा मौर्या उठीं और अधिकारियों से कहा कि अपमान करने के लिए उन्हें आमंत्रित किया गया था क्या और वह पूजा छोड़कर चली गईं। पीडब्ल्यूडी के मौजूद अधिकारी हाथ जोड़े खड़े रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।