80 कैमरे खंगाले,12 संदिग्धों से पूछताछ नतीजा शून्य
Fatehpur News - फतेहपुर के खागा कस्बे में शराब कारोबारी नारायण सिंह के घर से 54 लाख की चोरी हुई है। पुलिस ने 80 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं और 12 संदिग्धों से पूछताछ की है, लेकिन कोई ठोस सबूत नहीं मिला है। चोरों ने घर का सीसीटीवी कैमरा भी चुरा लिया। पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

फतेहपुर। खागा कस्बे में शराब कारोबारी के घर हुई 54 लाख की चोरी के मामले मे दो दिन की जांच में पुलिस टीमों ने कस्बे के अस्सी से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाल डाले हैं। 12 संदिग्धों से पूछताछ कर चुकी है, लेकिन नतीजा शून्य है। सीसीटीवी फुटेज में कोई भी घटना वाली रात घर के आस पास नजर नहीं आ रहा है। जो कुछ लोग दिखे भी हैं तो पुलिस ने उनको बुलाकर पूछताछ की। वह सभी पास में ही संचालित एक गेस्ट हाउस के हलवाई और वेटर हैं। जो गेस्ट हाउस आ जा रहे थे। पुलिस के लिये चोरी का खुलासा बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।
अब पुलिस टीमों ने पुराने शातिरों की तलाश तेज की है। जमानत पर जेल से बाहर घूम रहे चोरों को चिहिंत कर पूछताछ की तैयारी है। मानू का पुरवा, जीटी रोड खागा कस्बा निवासी शराब कारोबारी नारायण सिंह के सूने घर में बुधवार रात चोरी हो गई थी। वह घर में ताला बंद कर परिवार सहित नौ फरवरी को ट्रेन से राजस्थान के सीकर में रह रहे अपने बेटे से मिलने गए थे। 12 फरवरी की शाम करीब छह बजे लौटने पर घर के दरवाजे और अलमारी के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। बताया था कि चोर 11 लाख 50 हजार रुपये नगद, लाइसेंसी रिवाल्वर, कारतूसों सहित करीब 54 लाख का सोने चांदी का जेवर चोरी कर ले गए थे। चोर अपने साथ घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी ले गए थे। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी थी। एसपी ने चोरों को पकड़ने के लिये पांच टीमें लगाई हैं। कोतवाल रमेश पटेल ने बताया कि टीमें लगी हुई हैं। जल्द खुलासा किया जाएगा। शराब कारोबारी के घर चोरी करने वाले शातिरों ने जबरदस्त तरीके से रेकी करने के बाद घटना को अंजाम दिया है। घर से बाहर से अंदर तक बिंदुवार जानकारी जुटाई गई। कहां से जाना कहां से निकलना, सीसी कैमरों की दशा और घर में इंट्री का रास्ता समेत हर बिंदु पर गहराई से जांच की गई। रिवाल्वर घर में हैं या लाइसेंस धारक साथ ले गए शायद इसकी भी शातिरों को भनक थी। बताते हैं कि शराब कारोबारी के घर से करीब पांच सौ मीटर दूर एक घर में लंबे समय से जुआं खिलवाए जाने की चर्चा है। मोहल्ले के लोगों का दबी जुबान करना है कि शराब कारोबारियों से बाहर जाने से पहले एक व्यक्ति के आवास बड़ी संख्या में लोगों का आना जाना देखा गया है। शायद यह उस घर में जुआं खेलने आते है। ऐसे में आशंका है कि लाइसेंसी रिवाल्वर समेत चोरी की घटना में कहीं बाहरी जुआड़ियों का कनेक्शन तो नहीं है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



