आग से जली युवती, परिजन बोले-जिंदा जलाया गया, हालत गंभीर

हिन्दुस्तान, फर्रुखाबाद कन्नौज
Follow us on Google News
share

जिजपुरा गांव में एक युवती संदिग्ध हालात में आग से जल गई। परिजनों ने एक युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगाया है। युवती को 95 फीसदी जलने के बाद सैफई रेफर किया गया। पुलिस ने पत्र और टेप बरामद किया है, जिससे आत्महत्या का प्रयास प्रतीत होता है। जांच जारी है।

आग से जली युवती, परिजन बोले-जिंदा जलाया गया, हालत गंभीर

कायमगंज। जिजपुरा गांव में मंगलवार को संदिग्ध हालात में एक युवती आग से जल गई। परिजनों ने एक युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगाया है। वह 95 फीसदी जल गई है। गंभीर हालत में उसे सैफई रेफर कर दिया है। पुलिस को जांच पड़ताल में एक पत्र और टेप मिला है। घटना को देखते हुये एसपी आरती सिंह ने पहुंचकर जानकारी की । जिजपुरा गांव के भीम आर्मी के जिला उपाध्यक्ष रजनेश गौतम की 21 वर्षीय बहन नीलम दोपहर में घर से करीब 100 मीटर दूर खेत पर बनी झोपड़ी में गई थी। झोपड़ी में गृहस्थी का सामान रखा है और मवेशी भी बंधते हैं।

नीलम वहां पर संदिग्ध हालातों में आग से गंभीर रूप से जली पाई गई। परिवार के लोग उसे सीएचसी लेकर आए। यहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सेफई रेफर कर दिया। नीलम के बड़े भाई अनीस ने बताया कि घटना के समय उसकी मां मिथलेश कुमारी बाजार गई थीं और भाभी वंदना घर पर थीं। आरोप है कि झोपड़ी पर मुंह पर कपड़ा बांधे एक युवक पहुंचा और नीलम के साथ मारपीट कर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पुलिस की टीम घटना को देख जांच के लिए झोपड़ी पर पहुंची। यहां गद्दे के नीचे रखी एक कॉपी से पत्र बरामद किया गया, जिसमें घरेलू परेशानी का जिक्र करते हुए लिखा था मौत के लिए किसी को जिम्मेदार न ठहराया जाए । मौके से चिपकाने वाला टेप भी बरामद हुआ है। क्षेत्राधिकारी राजेश द्विवेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगा आत्महत्या के प्रयास का मामला प्रतीत हो रहा है। मौके से एक पत्र और टेप बरामद हुई है। फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई करेंगे। युवती को इलाज के लिए सैफई भेजा गया है। मैं बहुत परेशान हो चुकी, मरने जा रही हूं: मैं बहुत परेशान हो चुकी अपने घर से, अब मेरा मूड खराब हो गया है। मैं जा रही हूं मरने के लिए। इसमें किसी की गलती नहीं है। मेरी गलती है तो मैं जा रही हूं। अपनी जान दे दूंगी। तुम लोग आराम से रहना। मोबाइल को अब कोई लड़ाई नहीं होगी। मुझे माफ कर देना। मैं जा रही हूं तुमको छोड़कर। मैं आऊंगी बच्ची के रूप में। आनंद भाई की शादी कर लेना। तब मैं आऊंगी। इस तरह लिखा पत्र पुलिस को झोपड़ी से मिला है। इस पत्र की जांच से पता लगेगा किसने लिखा है। वीडियो में बता रही युवक का नाम : एक प्रसारित वीडियो में परिजन जली युवती से जानकारी भी कर रहे हैं। वह एक युवक का नाम भी ले रही है। जबकि दूसरे के बारे में संकेत में कुछ बताने का प्रयास कर रही है। अब यह वीडियो पुलिस के लिए काफी अहम होगा। जो नाम वह बता रही हैं उसको लेकर अब पुलिस जांच करेगी। सीएचसी के डॉ. जितेंद्र बहादुर के अनुसार युवती लगभग 95 फीसदी झुलसी हुई थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे उच्च केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी व कस्बा चौकी प्रभारी सोमबीर अस्पताल पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी समेत कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल पर जांच की । उधर दूसरी ओर मौके से पुलिस को जो पत्र मिला है और जलने के बाद घर वालों से वीडियो में जो बातचीत हो रही है उससे अब पुलिस को इसमें गहराई से जांच करनी होगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।