महिला की मौत पर हंगामा, अस्पताल सील

Feb 28, 2026 01:30 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, फर्रुखाबाद कन्नौज
share Share
Follow Us on

Farrukhabad-kannauj News - फर्रुखाबाद के कुलवंती अस्पताल में एक महिला की मौत पर परिजनों ने डॉक्टर और स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। महिला को प्रसव के बाद फिर से अस्पताल लाया गया था, जहां लापरवाही से दवाइयां और इंजेक्शन दिए गए। पुलिस ने स्थिति को संभाला और अस्पताल को सील कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी।

महिला की मौत पर हंगामा, अस्पताल सील

फर्रुखाबाद। मसेनी चौराहे के नजदीक कुलवंती अस्पताल में एक महिला की मौत हो गयी। इस पर परिजन बिफर गये। डॉक्टर समेत स्टाफ पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पहुंचकर स्थिति संभाली। सीएमओ ने जानकारी कर ओटी के साथ अस्पताल को सील कर दिया। घटना से परिजन गुस्से में हैं। बोले गलत ढंग से दवाइयां देकर इंजेक्शन लगा दिया गया जिससे महिला की मौत हुयी है। इटावा जिले के ऊसराहार थाना क्षेत्र के महोरी गांव निवासी शिवकांत कश्यप की 28 वर्षीय पत्नी राखी को परिजन 20 फरवरी को प्रसव के लिए कुलवंती अस्पताल में लेकर आये थे। जहां साधारण प्रसव के बाद 21 फरवरी को छुट्टी कराकर घर ले गये थे।

उसने बेटे को जन्म दिया था। गुरुवार की रात राखी की जब घर में हालत बिगड़ी तो पति शिवकांत व परिवार के अन्य लोग राखी को इलाज के लिए फिर से शुक्रवार की भोर तीन बजे के करीब अस्पताल लेकर पहुंचे। बहन कविता का आरोप है कि अस्पताल में डॉक्टर व स्टाफ ने बहन को बिना समुचित जांच के कुछ दवाइयां व इंजेक्शन लगाये और भर्ती कर लिया। इसके कुछ ही देर बाद बहन राखी की हालत बिगड़ने लगी। जब इस पर मै व मेरे परिजनों ने डॉक्टर व स्टाफ से विशेषज्ञ डॉक्टर को बुलाने के लिए कहा लेकिन इस पर किसी ने कोई ध्यान नहीं दिया। इसमें अस्पताल की ओर से घोर लापरवाही की गयी। बहन राखी को जो इंजेक्शन लगाये गये उसके कारण बहन की हालत बिगड़ती चली गयी। दूसरे अस्पताल में ले जाने के लिए कह दिया गया। इस पर परिजन उसे दूसरे अस्पताल लेकर पहुंचे तो वहां मृत घोषित कर दिया गया। इसी से गुस्से में आकर परिजन राखी के शव को अस्पताल लेकर पहुंच गये और शव रखकर डॉक्टर और स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। इस पर परिजनों ने हंगामा खड़ा कर दिया। बहन कविता, सविता, भाई संचित, गौरव का रो रोकर बुरा हाल था। घटना की जानकारी मिलते ही कादरीगेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सीएमओ को पूरे मामले की जानकारी दी गयी। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी अस्पताल पहुंचे और जानकारी की। कुछ ही देर बाद सीएमओ ने पहुंचकर जानकारी की। अस्पताल की ओटी और अस्पताल को सील कर दिया गया। महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीएमओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद महिला की मौत का कारण पत चलेगा। अभी अस्पताल सील किया गया है। इसमें आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरी ओर बहन कविता ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कादरीगेट थाना पुलिस को एक तहरीर दी है जिसमें डॉक्टर और दो कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप है। पुलिस ने इसमें जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि महिला के शव का पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इसमें कार्रवाई की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।