बिजली संकट से भड़के ग्रामीणों का उपकेंद्र पर हल्ला बोल, फीडर बंद कर किया प्रदर्शन
Farrukhabad-kannauj News - बिजली संकट से भड़के ग्रामीणों का उपकेंद्र पर हल्ला बोल, फीडर बंद कर किया प्रदर्शन-कंपिल क्षेत्र के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों ने उपकेंद्र पर दिया ध

कंपिल, संवाददाता। भीषण गर्मी और लगातार खराब बिजली व्यवस्था से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। क्षेत्र कंपिल के कादरदादपुर सराय, बिलसड़ी, कटिया, धनी नगला, पुरौरी समेत कई गांवों के ग्रामीण कंपिल बिजली उपकेंद्र पहुंच गए और धरना देकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जल्द आपूर्ति बहाल कराने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कंपिल समेत अन्य फीडर भी बंद करवा दिए, जिससे उपकेंद्र पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब 10 दिनों से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। कई गांवों में घंटों बिजली गुल रहती है, जबकि रात में भी आपूर्ति नहीं मिल पा रही है।
भीषण गर्मी के चलते लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। छोटे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान हैं। बिजली न आने से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही और दिन में गर्मी से हालात और बिगड़ रहे हैं। कई किसानों ने बताया कि बिजली संकट के कारण खेतों में खड़ी मक्का की फसल की सिंचाई नहीं हो पा रही है। इससे किसानों के सामने फसल बचाने का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव में पांच दिनों से बिजली नहीं आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि होतेपुर से लाइन काटकर दूसरी जगह सप्लाई दी जा रही है, जिसके चलते होतेपुर से जसरथपुर तक करीब 18 गांव प्रभावित हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि उपकेंद्र पर तैनात एक ऑपरेटर ग्रामीणों से सही तरीके से बात नहीं करते। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग से घरेलू उपकरण खराब होने का खतरा बना हुआ है। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर लाइनमैन महेंद्र मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान कंपिल उपकेंद्र पर तैनात ऑपरेटर प्रदीप कुमार ने बताया कि ओवरलोडिंग के कारण फॉल्ट हो रहा है। इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। नगर कंपिल, धर्मपुर एवं रुदायन फीडर किसानों ने बंद करवा दिए, जिससे करीब तीन घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। सूचना पर हल्का इंचार्ज दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाते हुए कहा कि गुरुवार को एसडीओ आएंगे, तब ग्रामीण अपनी समस्या विस्तार से रख सकते हैं। इसके बाद नगर कंपिल सहित अन्य फीडरों की बिजली आपूर्ति भी चालू करवा दी गई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


