कस्बे से नाश्ता कर लौट रहे दो भाइयों को ट्रैक्टर ने कुचला, मौत
Farrukhabad-kannauj News - फर्रुखाबाद के अमृतपुर कस्बे में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो भाइयों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। बाइक ट्रैक्टर के नीचे फंसकर बीस मीटर तक घसीटती रही। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। सत्यम और शोभित, दोनों ही गंभीर रूप से घायल हुए थे और अस्पताल में मृत घोषित कर दिए गए।

फर्रुखाबाद। बदायूं रोड पर अमृतपुर कस्बे में बुधवार की शाम तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो परिवारिक भाइयों को कुचल दिया। इससे मौत हो गई। बाइक ट्रैक्टर के नीचे फंसकर बीस मीटर तक घसीटते हुए चली गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। अमृतपुर कस्बा निवासी 18 वर्षीय सत्यम अवस्थी अपने परिवारिक भाई शोभित अवस्थी को बाइक पर बैठाकर शाम चार बजे के बाद अपने घर से कस्बे में नाश्ता करने के लिए गये थे। बाइक को सत्यम चला रहा था। जब दोनों वापस आ रहे थे तो बस अड्डे के पास जब पहुंचे तो तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी।
इससे बाइक ट्रैक्टर में फंस गई और घसीटते हुए चली गई। सड़क हादसे में सत्यम और शोभित गंभीर रूप से घायल हो गये। दोनों हेलमेट नहीं लगाये थे। घटना को देखते हुये आसपास के लोग और दुकानदारों ने दोनों को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए राजेपुर सीएचसी ले गये। यहां से लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। अस्पताल में जब दोनों को परिजन लेकर पहुंचे तो डॉक्टर ने सत्यम और शोभित को मृत घोषित कर दिया। उधर घटना को देखते हुये अमृतपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर कब्जे में ले लिया है। जबकि चालक भाग गया है। इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घर का इकलौता था सत्यम: सड़क हादसे में जान गंवाने वाला सत्यम अपने घर का इकलौता चिराग था। जब वह अपने परिवारिक भाई शोभित के साथ घर से निकला तो किसी को अहसास नहीं था कि अब दोनो लौटकर वापस नही आयेंगे। मौत की खबर मिलते ही परिजनों के चीत्कार से हर आंख नम हो गयी। सत्यम बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। उसके पिता दिलीप अवस्थी पशु व्यापारी हैं। सड़क हादसे में जान गंवाने वाला दूसरा शोभित अवस्थी कक्षा 11 का छात्र था। वह छह भाई बहनो में पांचवें नंबर का था। मां सुमन, पिता तिलकराम अवस्थी, भाई चंदन, रोहित, मोहित, कुंदन, बहन स्वाती व परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो रहा है। परिजनों ने बताया कि सत्यम और शोभित पढ़ने में काफी होशियार थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




