Farrukhabad Kannauj News: डीसीएम की टक्कर से बालक की मौत
Farrukhabad Kannauj News: फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 11 वर्षीय अनूप गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से कन्नौज मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिवार में मातम छा गया है और पुलिस ने डीसीएम चालक को हिरासत में लिया है।

Farrukhabad Kannauj News: फर्रुखाबाद। राजेपुर थाना क्षेत्र में सड़क पार करते समय तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर लगने से 11 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उसे कन्नौज लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में बालक ने दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने डीसीएम चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। राजेपुर क्षेत्र के पट्टी बदनपुर गांव निवासी महावीर राजपूत का 11 वर्षीय पुत्र अनूप शुक्रवार दोपहर गांव के सामने शौच के लिए गया था।
शौच करने के बाद वह वापस घर लौट रहा था। गांव के सामने सड़क पार करते समय सामने से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अनूप सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अनूप को उपचार के लिए लोहिया अस्पताल लेकर आए। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद कन्नौज मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन एंबुलेंस से उसे कन्नौज लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही अनूप की हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां रीता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों के मुताबिक महावीर राजपूत मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। अनूप उनका बड़ा बेटा था। उसके परिवार में छोटा भाई सिद्धार्थ और दो बहनें हैं। बड़े बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने डीसीएम चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।


