Farrukhabad Kannauj News: गंगा के बढ़े जलस्तर से तराई और गंगापार क्षेत्र को बढ़ा खतरा
Farrukhabad Kannauj News: फर्रुखाबाद में गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि से शमसाबाद तराई और गंगापार क्षेत्र को खतरा बढ़ रहा है। नदी चेतावनी बिंदु से 60 सेंटीमीटर नीचे है। स्थानीय ग्रामीणों की चिंता है कि यदि जलस्तर और बढ़ा, तो उनकी फसलें बर्बाद हो सकती हैं और पलायन की आवश्यकता भी पड़ सकती है।

Farrukhabad Kannauj News: फर्रुखाबाद, संवाददाता। गंगा नदी के बढ़े जलस्तर से शमसाबाद तराई और गंगापार क्षेत्र को खतरा बढ़ रहा है। हालांकि अभी गंगा नदी चेतावनी बिंदु से 60 सेंटीमीटर दूर हैं। तटीय इलाकों में तेजी से कटान हो रहा है। इससे लोग दहशत में आ रहे हैं। ग्रामीणों की चिंता है यदि हालात यही रहे तो आने वाले दिनों में पहले जैसी मुसीबत झेलनी पड़ेगी। सोमवार को गंगानदी का जलस्तर 136 मीटर पर रहा। जो कि चेतावनी बिंदु से 60 सेंटीमीटर नीचे है। जबकि रामगंगा नदी बिलो गेज पर हैं। नरौरा, हरिद्वार और बिजनौर बांधों से जो पानी पास किया गया है उसकी मात्रा भी कोई कम नहीं है।
इससे 24 घंटे के भीतर जलस्तर में बढ़ोत्तरी की संभावना है। रामगंगा नदी में बिजनौर, हरेली, खो, रामनगर बैराज से पानी पास किया गया है। इस नदी में जो पानी पास किया गया है वह ज्यादा नहीं है। इससे खतरे जैसी कोई बात नहीं है। सबसे अधिक खतरा गंगा से है जो कि शमसाबाद तराई क्षेत्र, कंपिल की कटरी और गंगापार क्षेत्र में तेजी के साथ कटान कर रही हैं। स्थानीय ग्रामीणों की माने तो पिछले दो दिनों में जलस्तर में बढ़ोत्तरी हुयी है। शमसाबाद क्षेत्र के समेचीपुर चितार, सैदपुर पिस्तौर, नगला बसोला, भगवानपुर, कटरी तौफीक, कासिमपुर तराई आदि क्षेत्रों के लोग दहशत में हैं। उनका कहना है कि वे लोग तो साल दर साल बाढ़ की समस्या से जूझ रहे हैं। इसका स्थायी समाधान निकलना चाहिए। यदि जलस्तर और बढ़ा तो उनकी फसलें बर्बाद हो जाएंगी। इसके साथ ही कई गांव के लोगों को पलायन भी करना पड़ सकता है। इस बीच प्रशासन की ओर से कंट्रोल रूम के माध्यम से बढ़े जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। राजस्व टीमों को अलर्ट किया गया है कि अपने अपने क्षेत्रों में निगरानी रखें। खासतौर पर गंगापार के पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्र में लोग गंगा के बढ़ने से बेहाल हो रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


