दंपति हत्याकांड में पूछताछ से परेशान मोहल्लेवासी पहुंचे तहसील
Farrukhabad-kannauj News - कायमगंज के कूंचा मोहल्ले में 26 फरवरी को हुई वृद्ध दंपति की हत्या के मामले में मोहल्लेवासियों ने तहसील में प्रार्थना पत्र सौंपा। उन्होंने पुलिस की पूछताछ के तरीकों पर चिंता जताई और आरोप लगाया कि उन्हें मानसिक और शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन से निर्दोषों के प्रति दया की गुहार लगाई गई।

कायमगंज, संवाददाता । नगर के मोहल्ला कूंचा में बीते 26 फरवरी को हुई वृद्ध दंपति पुरुषोत्तम कौशल और उनकी पत्नी पुष्पा की हत्या के मामले में सोमवार को मोहल्लेवासियों ने तहसील में पहुंचकर प्रार्थना पत्र सौंपा। उन्होंने इस पत्र में पुलिस की ओर से की जा रही पूछताछ के तरीकों पर चिंता जताई है और प्रताड़ना का आरोप लगाया।कूंचा मोहल्लेवासियों का कहना है कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें लगातार सक्रिय हैं, लेकिन पूछताछ के दौरान उन्हें अनावश्यक मानसिक और शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं और स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवन यापन करते हैं और पुलिस की इस कार्रवाई से पूरे मोहल्ले में डर का माहौल बना हुआ है।
उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई है कि जांच के दौरान निर्दोषों को प्रताड़ित न किया जाए। ज्ञापन के दौरान मोहल्लेवासियों ने नायब तहसीलदार अनवर हुसैन को अपनी व्यथा से अवगत कराया और उप जिलाधिकारी को संबोधित एक शिकायती पत्र नायब तहसीलदार को सौंपा। प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने स्पष्ट किया कि घटना दिनदहाड़े हुई थी, जिसके चलते साक्ष्य जुटाने और संदिग्धों तक पहुंचने के लिए आसपास के निवासियों से पूछताछ करना जांच प्रक्रिया का एक अनिवार्य हिस्सा है। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी और पुलिस की कई टीमें दिन-रात काम कर रही हैं। इंस्पेक्टर ने भरोसा दिलाया कि पुलिस पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है और किसी भी निर्दोष व्यक्ति के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


