आकस्मिक सेवा, दवा पर्चा का बहाना लेकर घूम रहे लोग
पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार मिश्रा शहर में पूर्वान्ह लॉकडाउन का जायजा लेने निकले तो वह नजारा देखकर दंग रह गए। उनके सामने ही तमाम वाहन फर्राटा होकर निकल रहे थे। इस पर उन्होंने अपने साथ चल रहे सुरक्षा...
पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार मिश्रा शहर में पूर्वान्ह लॉकडाउन का जायजा लेने निकले तो वह नजारा देखकर दंग रह गए। उनके सामने ही तमाम वाहन फर्राटा होकर निकल रहे थे। इस पर उन्होंने अपने साथ चल रहे सुरक्षा कर्मियों से बाइकें रुकवाकर चालान करवा दिए। इसके साथ ही शहर पुलिस को कडी हिदायत दे डाली। इसके बाद पुलिस ने कुछ घंटों तक सख्ती दिखाई। इसके बाद पुन: वही स्थिति बहाल हो गई।
शहर में लॉकडाउन का प्रभावी पालन कराने के लिए एसपी ने एक दिन पहले ही कड़े निर्देश दिए थे। एसपी सुबह अपने काफिले के साथ निकले। उन्होंने फतेहगढ़ से लेकर फर्रुखाबाद के मुख्य मार्गो पर जायजा लिया। इस दौरान उन्हें तमाम लोग बाइक और चौपहिया वाहनों से निकलते दिखे। इस पर एसपी ने रुककर अपने सुरक्षा दस्ते के माध्यम से कई वाहनों का चालान करवा दिया। सुरक्षा दस्ते ने कई स्थानों पर लोगों से उठक बैठक भी करवाई। दोबारा से सड़क पर दिखने पर क्वारंटाइन में भेजने की हिदायत दी। आवास विकास के आगे बढ़े तो यहां पर भी तमाम लोग सड़क पर घूम रहे थे। सुरक्षा दस्ते ने घूम रहे लोगो से कारण पूछा तो किसी ने पुराना पर्चा दिखा दिया। एक बाइक सवार को रोका तो उस पर आवश्यक सेवा लिखा था। आवश्यक सेवा लिखे तमाम वाहन पुलिस को रास्ते में दिखाई पड़े। पुलिस को भी लगा कि लॉक डाउन के बहाने लोग आवश्यक सेवा का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। इस पर उन्होंने पुलिस को जांच पड़ताल के निर्देश दिए। बद्रीविशाल डिग्री कॉलेज के पास पहुंचते ही कुछ लोग इधर से जा रहे थे। उनको भी उठक बैठक करवा दी। लालगेट तिराहे पर पहुंचते ही उन्होंने पुलिस कर्मियों की खबर ली। पुलिस कर्मियों को चेताया कि कोई भी बेवजह वाहन से निकले तो उस वाहन को सीज करा दिया जाए और लॉक डाउन उल्लंघन में संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया जाए।
