धान खरीद केंद्र तैयार, आज से होगी खरीद
फर्रुखाबाद, संवाददाता। धान की सरकारी खरीद को खरीद केंद्र तैयार हो गए हैं। बुधवार...
फर्रुखाबाद, संवाददाता।
धान की सरकारी खरीद को खरीद केंद्र तैयार हो गए हैं। बुधवार से जिले में 20 खरीद केंद्रों पर धान की खरीद शुरू की जाएगी। सरकारी खरीद केंद्रों पर अभी तक जिले के 197 किसानों ने धान बेचने को रजिस्ट्रेशन कराया है। जिले में धान की फसल तैयार जो चुकी है। बाजार में धान की बिक्री बीते कई दिनों से चल रही है। लेकिन अब बुधवार से सरकारी धान की खरीद शुरू हो रही है। किसानों की सुविधाओं को देखते हुए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार जिले को धान खरीद का लक्ष्य एक लाख 85 हजार कुंतल मिला है। सरकारी धान की खरीद का लक्ष्य इस बार हासिल करना प्रशासन के लिए किसी चुनौती से कम नहीं होने वाला है। इस बार धान का बाजार भाव 2300 रुपए कुंतल से 2400 रुपए कुंतल चल रहा है। जबकि सरकारी कामन धान का भाव 2183 रुपए प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है। ए ग्रेड धान का सरकारी भाव 2203 प्रति कुंतल रखा गया है। अब ऐसे सवाल उठता है कि सरकारी खरीद केंद्रों पर बाजार भाव को छोड़ कर किसान पहुंचते हैं या फिर बाजार में ही धान की बिक्री करते है। इन सबके बीच प्रशासन ने धान खरीद का लक्ष्य पूरा करने के लिए अभी से हर संभव प्रयास शुरू कर दिए हैं। डिप्टी एआरएमओ रोली सिंह ने बताया जिले में बुधवार से धान की खरीद शुरू होने जा रही है। इसके लिए 20 खरीद केंद्र बनाए गए हैं। इस बार धान खरीद का लक्ष्य एक लाख 85 हजार कुंतल मिला है। जिले में एक नवंबर से 29 फरवरी तक धान खरीदा जाएगा।
