हत्या कर युवक का शव झाड़ियों में फेंका
कंपिल, थाना क्षेत्र के बरखेड़ा गांव में एक आम के बाग की झाड़ियों में एक युवक का शव मिला। पुलिस ने शव की पहचान नहीं होने पर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की उम्र 20 से 25 वर्ष है और उसके चेहरे पर काला निशान है। हत्या की आशंका जताई जा रही है।

कंपिल, संवाददाता। थाना क्षेत्र के बरखेड़ा गांव स्थित एक आम के बाग की झाड़ियों में बुधवार सुबह एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए। शव की शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। खेतलपुर सौरिया गांव निवासी अवनीश राजपूत बुधवार सुबह अपने साथियों के साथ बरखेड़ा स्थित आम के बाग में मूंगफली की फसल देखने गए थे। इसी दौरान बाग के किनारे झाड़ियों में एक युवक का शव औंधे मुंह पड़ा दिखाई दिया। उन्होंने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को सीधा कर जांच की। युवक के चेहरे के आसपास का हिस्सा काला पड़ चुका था तथा शरीर पर फफोले जैसे निशान दिखाई दे रहे थे। मृतक के दाहिने कंधे के पास लकड़ी का एक गुद्दा भी पड़ा मिला。
तंबाकू का पत्ता और पुड़िया बरामद
पुलिस को युवक की जेब से 60 रुपये तंबाकू का पत्ता और तंबाकू की पुड़िया बरामद हुई हैं। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसका रंग गेहुआ है। वह कॉफी कलर की पैंट और चप्पलें पहने था। जबकि शरीर पर शर्ट नहीं थी और पास में डार्क क्रीम रंग की शर्ट पड़ी थी। शव की स्थिति देखकर ग्रामीणों ने युवक की हत्या कर शव यहां फेंके जाने की आशंका जताई। सूचना मिलने पर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस का मानना है कि शव लंबे समय तक औंधे मुंह पड़े रहने के कारण चेहरे पर रक्त का जमाव होने से उसका रंग काला पड़ गया होगा। लेकिन अनुमान यह भी लगाया जा रहा है हत्यारों ने पहचान छिपाने के लिए चेहरे कर तेजाब डाला हो। शव की पहचान कराने के लिए पुलिस ने मृतक का फोटो आसपास के थानों, पड़ोसी जनपदों के पुलिस ग्रुपों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया है। थाना प्रभारी नितिन चौधरी ने बताया कि फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
युवक की नहीं हो सकी पहचान, चेहरा काला पड़ा
तेजाब डालने की आशंका , फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
फोटो 20
परिचय घटनास्थल पर जांच करती थाना पुलिस
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


