Farrukhabad Kannauj News: हत्यारोपी पौत्र की तलाश में छापे, गिरफ्तारी को दो टीमें लगीं
Farrukhabad Kannauj News: मार रही है। गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगायी गयी हैं। हत्या की रिपोर्ट दर्ज करा दी गयी है। वह किन लोगों के पास उठता बैठता था, किससे उसके अच्छे संबंध थे

Farrukhabad Kannauj News: जहानगंज, संवाददाता। वृद्ध बाबा गजेंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या करने वाले पौत्र अंकित की तलाश में पुलिस की टीम छापे मार रही है। गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगाई गईं हैं। हत्या की रिपोर्ट दर्ज करा दी गयी है। वह किन लोगों के पास उठता बैठता था, किससे उसके अच्छे संबंध थे इसको लेकर पुलिस जानकारी कर रही है जिससे कि फरार पौत्र को गिरफ्तार किया जा सके। जहानगंज थाने के रतनपुर गांव में रविवार की शाम चार बजे वृद्ध गजेंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। हत्या उनके पौत्र अंकित ने की थी। उसने बाबा को तमंचे से दो गोली मारी थीं। गंभीर रूप से घायल बाबा को इलाज के लिए लोहिया अस्पताल लाया गया था जहां से उन्हें कन्नौज के तिर्वा मेडिकल कालेज रेफर किया गया था जहां रात में नौ बजे के आस पास वृद्ध गजेंद्र सिंह ने दम तोड़ दिया था। इस मामले में वृद्ध गजेंद्र के पुत्र मुकेश ने अपने भतीजे अंकित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी है। दर्ज कराये गये मुकदमे में कहा है कि रविवार की शाम चार बजे भतीजे अंकित ने जमीनी विवाद को लेकर तमंचे से मेरे पिता गजेंद्र सिंह को गोली मार दी। पिता की इलाज के दौरान कन्नौज के तिर्वा मेडिकल कालेज में मौत हुयी।भतीजे अंकित ने पिता की हत्या की है। प्रभारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि जो तहरीर मिली उस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नामजद आरोपित अंकित को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीम लगी है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जायेगा。
वृद्ध का शव गांव में पहुंचते ही मचा कोहराम
जहानगंज, संवाददाता। वृद्ध गजेंद्र सिंह का शव सोमवार की दोपहर बाद कन्नौज से पोस्टमार्टम के बाद एंबुलेंस से गांव लाया गया। इस बीच गांव में बड़ी संख्या मेें लोगों की भीड़ थी। गजेंद्र सिंह का शव देखने के लिए लोग दौड़ पड़े। थाना पुलिस भी गांव में पहुंच गयी थी। परिजनों ने वृद्ध गजेंद्र के शव को एंबुलेंस से उतारा और फिर ट्रैक्टर ट्राली से अंतिम संस्कार के लिए पांचालघाट लेकर चले गये। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस की टीम भी साथ में रही। ग्रामीणो का कहना है कि इस तरह से कभी सोचा नही था कि गेरुआ वस्त्र धारण कर चुके गजेंद्र सिंह की इस तरह से हत्या की जाएगी। अंकित को लेकर भी लोग तरह तरह की बातें कर रहे हैं कि उसे आखिर अपने बाबा पर कितना गुस्सा क्यों आया जो उसने मार दिया। हालांकि घटना के पीछे जमीनी विवाद बताया जा रहा है। फिलहाल उसके पकड़ में आने के बाद ही पूरी स्थिति साफ होगी。


