रविवार रात आई आंधी पानी से जिले के आधा दर्जन सब स्टेशनों की बत्ती बिगड़ गई। एक हजार से अधिक उपभोक्ता बिजली के लिए खासे परेशान हुए। गंगापार में तो दोपहर में आपूर्ति बहाल हो सकी। वहीं शमसाबाद में भी दिक्कतें खड़ी हुईं। मुख्य लाइन में फाल्ट आने से गंगापार के राजेपुर, सलेमपुर, अमृतपुर और अमृतपुर तहसील का सब स्टेशन बंद रहा। दोपहर में आपूर्ति बहाल हो सकी। वहीं शमसाबाद का सब स्टेशन भी लोगों को खासा परेशान कर रहा है। रात में बत्ती बंद हुई और दिन में फिर संकट खड़ा हो गया। बिजली कर्मचारियों ने बताया कि लुधैया सब स्टेशन के निकट मुख्य लाइन का पोल पहले से खराब था। हवाओं के चलने से यहां दिक्कत आ गई। पोल टूट गया। पोल को बदलने के लिए कर्मचारियों को बत्ती बंद करनी पड़ी जिसके चलते यहां भी 180 गांव के लोग बिजली के लिए परेशान हुए। यहां भी लोग बिजली के लिए परेशान हो रहे हैं इसके बाद भी व्यवस्थाएं ठीक नहीं की जा रही हैं। नवाबगंज में भी रात में आपूर्ति बिगड़ी। बड़ी मुश्किल से इसे चालू किया गया। मोहम्मदाबाद, जहानगंज, जरारी, भूड़नगरिया, साहबगंज के फीडरों को चालू करने में पसीने छूटे। वहीं शहर में रात 12 बजे तक आपूर्ति सामान्य कर ली गई ।
अगली स्टोरी