फर्रुखाबाद। हिन्दुस्तान संवाद
लगभग डेढ़ करोड़ की लागत से तैयार हुई सकवाई में पालिका की गौशाला का शनिवार को जिलाधिकारी उद्घाटन करेंगे। इस गौशाला में लगभग 500 गायों को रखा जाएगा।
लंबे अरसे के बाद अभी तक सदर नगर पालिका की अपनी कोई गौशाला नहीं थी। लेकिन अब सदर नगर पालिका ने मोहम्दाबाद के सकवाई में अपनी गौशाला का निर्माण कराया है। यह गौशाला हाईटेक तरीके से बनाई गई है। यहां वह तमाम इंतजाम किए गए हैं जिनकी आवश्यकता महसूस की जाती रही है। दो तीन शेड और 500 चरनी बनाई गईं हैं। जिसमे एक साथ गायें चारा खाती हैं। गायों के लिए पीने के पानी के लिए भी अलग से इंतजाम किए गए हैं। रहने के अलावा गायों के लिए टहलने के भी पर्याप्त इंतजाम हैं। पालिका ईओ रविन्द्र कुमार ने बताया कि गौशाला का निर्माण एक करोड़ 65 लाख की लागत से कराया गया है। उन्होंने बताया कि कान्हा गौशाला में 500 गायों को रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि सांडों को धर्मपुर कटरी स्थित राजकीय गौ सदन में रखा जाएगा। बताया कि शनिवार को जिलाधिकारी गौशाला का उद्घाटन करेंगे।