जुबैर गैंग के गुर्गे सुखबीर की 1.75 करोड़ की संपत्ति जब्त

Feb 27, 2026 01:05 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, फर्रुखाबाद कन्नौज
share

Farrukhabad-kannauj News - कायमगंज में गैंगस्टर एक्ट के तहत सुखवीर यादव की 1.75 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति कुर्क की गई। प्रशासन ने जुबैर खान के गैंग के सदस्य सुखवीर यादव की संपत्तियों पर कार्रवाई की, जिसमें 65 लाख का मकान और 45 लाख की कृषि भूमि शामिल है। आरोपी के बैंक खातों में 2.03 लाख रुपये भी फ्रीज किए गए।

जुबैर गैंग के गुर्गे सुखबीर की 1.75 करोड़ की संपत्ति जब्त

कायमगंज। गैंगस्टर एक्ट के तहत अपराध से अर्जित संपत्तियों पर प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। नगर से सटे गांव गढ़ी इज्जत खां निवासी गैंगस्टर जुबैर खान की करीब 26 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क किए जाने के तीन दिन बाद गुरुवार को पुलिस-प्रशासन ने गैंग के सक्रिय सदस्य सुखवीर यादव की चल-अचल संपत्ति पर कुर्क करने की बड़ी कार्रवाई की। 1.75 करोड़ की संपत्ति जब्त की गई । कर चोरी के आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धन को अपने एवं परिजनों के नाम निवेश किया था। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के आदेश पर तहसीलदार विक्रम सिंह चाहर, क्षेत्राधिकारी राजेश द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी, इंस्पेक्टर लाइन ऑर्डर सुरजीत सिंह व थाना मेरापुर इंस्पेक्टर विवेचनाधिकारी राजीव पाण्डेय भारी पुलिस बल और राजस्व टीम के साथ आरोपी के रुटौल गांव पहुंचे।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

टीम ने ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराते हुए कुर्की की प्रक्रिया शुरू कराई। पुलिस ने आरोपी के मकान की दीवार पर मुकदमे से संबंधित कार्रवाई अंकित कर घर को सील कर दिया। इसके बाद प्रशासनिक टीम अलीगंज रोड स्थित कृषि भूमि पर पहुंची, जहां सार्वजनिक मुनादी कराकर जमीन पर सरकारी कब्जे का निषेध बोर्ड लगा दिया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण दूर खड़े होकर प्रशासनिक कार्रवाई देखते रहे। पुलिस के अनुसार, गैंगस्टर जुबैर के संगठित गिरोह में रामनरेश, सुखवीर, पुष्पेंद्र, आदेश, मोबीन, तारीख उर्फ तालिब और पवन शामिल रहे हैं। इनमें जुबैर व मोबीन न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जबकि सुखवीर को पूर्व में मेरापुर पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अन्य आरोपितों ने न्यायालय से गिरफ्तारी पर स्थगन आदेश प्राप्त कर रखा है, जबकि रामनरेश अभी फरार बताया जा रहा है। कड़ी निगरानी के बीच संपत्ति पर हुआ एक्शन: प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सुखवीर यादव की लगभग 1.75 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति कुर्क की गई है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने कर चोरी के आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धन को अपने एवं परिजनों के नाम निवेश किया था। कुर्क संपत्तियों में कायमगंज-अलीगंज रोड स्थित दो मंजिला आलीशान मकान कीमत लगभग 65 लाख रुपये तथा गांव रुटौल स्थित कृषि भूमि करीब 45 लाख रुपये शामिल है। कुल अचल संपत्ति का मूल्य लगभग 1.10 करोड़ रुपये आंका गया है। इसके अलावा आरोपी के नाम पंजीकृत 8 वाहन, जिनमें 7 ट्रक और एक मोटरसाइकिल शामिल है वाहनों की अनुमानित कीमत 63.41 लाख रुपये बताई गई है। सुखबीर और उसकी पत्नी ममता के बैंक खातों में जमा 2.03 लाख रुपये की धनराशि भी फ्रीज कर दी गई।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।