Farrukhabad Kannauj News: विसर्जन जुलूस में मानक के अनुसार रखें डीजे की ध्वनि
Farrukhabad Kannauj News: कायमगंज में गणेश चतुर्थी के लिए पीस कमेटी की बैठक हुई। एसडीएम और क्षेत्राधिकारी ने पंडाल समितियों से आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की। पंडालों में सीसीटीवी, अग्निशामक उपकरण और व्यवस्थाओं की जांच की जानी चाहिए। विसर्जन जुलूस के लिए दिशानिर्देश भी दिए गए।

Farrukhabad Kannauj News: कायमगंज, संवाददाता। गणेश चतुर्थी को लेकर शनिवार को कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक हुई। एसडीएम अभिषेक वर्मा और क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने गणेश पंडाल कमेटियों के पदाधिकारियों से आयोजन की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की। अधिकारियों ने पंडालों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखने के निर्देश दिए। एसडीएम और सीओ ने कहा कि पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। आग से बचाव के लिए फायर सेफ्टी उपकरण, पानी के ड्रम और बालू की बोरियां रखी जाएं। पंडाल में लगे बिजली के तारों को भी पहले से जांच लिया जाए। कहीं तार कटा या खुला हो तो उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाए।
दोनों अधिकारियों ने कहा कि देर रात पंडाल को पूरी तरह खाली न छोड़ा जाए। कमेटी का कोई न कोई जिम्मेदार व्यक्ति वहां मौजूद रहे, जिससे किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। विसर्जन जुलूस को लेकर अधिकारियों ने कहा कि प्रतिमा की ऊंचाई और डीजे की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुसार रखी जाए। जुलूस में भजनों के अलावा फूहड़ गाने न बजाए जाएं। जुलूस में कमेटी के जिम्मेदार लोग भी साथ रहें और लोगों को व्यवस्थित तरीके से चलने के लिए मार्गदर्शन करते रहें। अधिकारियों ने कहा कि जुलूस के रास्ते में कहीं सड़क पर गड्ढा, नीचे लटकता बिजली का तार या अन्य कोई समस्या दिखाई दे तो इसकी जानकारी पहले से पुलिस-प्रशासन को दी जाए, ताकि समय रहते उसे ठीक कराया जा सके। साथ ही आयोजन में किसी तरह की नई परंपरा शुरू न करने की हिदायत दी गई। बैठक में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ल, अशोक वर्मा, सुशील राजपूत, महेंद्र राजपूत, अखिलेश शर्मा, सागर गुप्ता, अरविंद शर्मा आदि मौजूद रहे।


