Farrukhabad Kannauj News: खतरे के निशान पर ठहरीं गंगा, 70 गांवों में घुसा बाढ़ का पानी
Farrukhabad Kannauj News: फर्रुखाबाद में गंगा में बाढ़ से हालात बिगड़ गए हैं। जलस्तर खतरे के निशान पर है और कई गांव प्रभावित हैं। ग्रामीण पानी के कारण घरों में कैद हैं और राशन की समस्या सामने आ रही है। कटरी तौफीक में गंगा के कटान से लोग मकान तोड़ने पर मजबूर हैं। हालात बेहद गंभीर हैं।
Farrukhabad Kannauj News: फर्रुखाबाद, संवाददाता। गंगा में आयी बाढ़ से तटीय इलाकों में हालात और बिगड़ गए हैं। गंगा खतरे के निशान पर ठहरी हैं तो वहीं रामगंगा के उफान पर होने से चिंता बढ़ती जा रही है। बांधो से पानी की मात्रा में कोई कमीं नही आयी है। इससे जलस्तर में अभी ज्यादा कमीं की गुंजाइश न के बराबर है। प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को घरों में कैद होना पड़ रहा है। क्योंकि घर के अंदर से लेकर बाहर तक चारों तरफ पानी ही पानी है। मंगलवार की शाम को गंगा का जलस्तर 137.10 मीटर पर रहा जो कि खतरे के निशान का चिह्न है।
रामगंगा नदी का जलस्तर 136.10 मीटर पर रहा जो कि चेतावनी बिदु से 50 सेंटीमीटर कम है।
नरौरा और बांधों से पानी की स्थिति
नरौरा, हरिद्वार और बिजनौर बांधों से गंगा में भारी मात्रा में पानी पास किया गया है। शाम को भी मात्रा ठीक ठाक रही। वहीं हरेली, खो, रामनगर बैराज से रामगंगा में जो पानी पास किया गया है उसकी मात्रा में कमीं आयी है इससे रामगंगा के जलस्तर में ज्यादा इजाफा होने की संभावना नहीं है। गंगा और रामगंगा के एक साथ उफान पर आने से गंगापार, शमसाबाद तराई क्षेत्र कंपिल की कटरी, तहसील सदर के भोजपुर और विलावलपुर क्षेत्र में बाढ़ से गंभीर समस्यायें पैदा हो गयी है। लोगों की जिंदगी काफी मुश्किल में है। हालात यह है कि लोग चाहकर भी घर से बाहर नहीं जा पा रहे हैं। इससे राशन आदि की समस्या भी ग्रामीणों के सामने खड़ी हो गयी है।
गंगा का खौफ
गंगा का खौफ देख और भी लोगों ने तोड़ने शुरू किए मकान
कटरी तौफीक मे बर्बादी का मंजर
शमसाबाद, संवाददाता। तराई क्षेत्र के कटरी तौफीक गांव में गंगा के तेज कटान से भारी त्रासदी देखने को मिल रही है। बुधवार को गंगा का कटान और तेज हो गया इससे गांव के ही तीन लोगों ने मकान तोड़ने शुरू कर दिये। दीवारों के पास गंगा तेजी से टक्कर मार रही थी। इसी वजह से भयभीत लोगों ने मकानों में घन और हथौड़े चलाकर ईंटों को सुरक्षित करने का काम तेज किया। ग्रामीणों का कहना है कि कटान इसी तरह से जारी रहा तो अन्य मकान भी चपेट में आ जाएंगे। ग्रामीण कहते हैं कि कई वर्ष पहले गंगा के कटान से कटरी तौफीक चार हिस्सों में बटकर छोटे छोटे गांव में तब्दील हो गया था।
यहां पर करीब पचास परिवार रहते थे। कटान के चलते कई ग्रामीणोंे ने अपने मकान खुद तोड़ लिये हैं। जबकि कई मकान गंगा में समा चुके हैं। अब गांव में विद्यालय और करीब पांच मकान ही शेष बताये जा रहे हैं। धर्मपाल, बृजमोहन, गंगा सिंह, जोतराम और अनिल कुमार ने बताया कि यदि इसी तरह से कटान रहा तो गुरुवार तक कंपोजिट विद्यालय कटरी तौफीक भी गंगा की चपेट में आ सकता है। विद्यालय से गंगा पचास मीटर की दूरी पर है। लेखपाल अजीत मिश्रा ने बताया कि गांव में अब कुछ ही परिवार रह गये हैं।
बाढ़ से प्रभावित क्षेत्र
25 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में, मुख्य मार्ग भी डूबे
शमसाबाद। गंगा का जलस्तर प्रभावित क्षेत्रों में आफत मचाये है। 25 से अधिक गांवों में बाढ़ का पानी घुस चुका है और संपर्क मार्गो पर भी पानी चल रहा है। इससे ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। साधौसराय, बिरियाडारा, ढाईघाट, वाजिदपुर, सैदपुर पिस्तौर, कमथरी, समेचीपुर चितार, पैलानी दक्षिण, भगवानपुर, हुसैनपुर तराई, भुलभुलापुर, दुधहा, अलियापुर, चंपतपुर, गढ़िया हैवतपुर, अचानकपुर, कटरी तौफीक, रूपपुर मंगलीपुर, मकसूदपुर पट्टी, रम्पुरा, झौआ, अलमापुर, अजीजाबाद सहित कई गांव में बाढ़ का पानी घुस चुका है। इसमें कई ऐसे गांव हैं जहां पर गलियों में लबालब पानी चल रहा है। घरों में भी पानी घुस चुका है। गुटैटी दक्षिण से शरीफपुर छिछनी गांव के बीच बनी पुलिया को भी खतरा पैदा हो गया है।
यहां पर काफी तेजी के साथ पानी चल रहा है। चिलसरा से हुसैनपुर तराई जाने वाले मुख्य मार्ग पर भी पानी चल रहा है। चौरा गांव के सामने शाहजहांपुर मार्ग और चौरा से बांसखेड़ा जाने वाले रास्ते पर भी बाढ़ का पानी चल रहा है। झौआ से कटरी तौफीक मार्ग और नगर के मोहल्ला पलिया से वाजिदपुर जाने वाले मार्ग पर पानी भर जाने से आवागमन में दिक्कतें आ रहे हैं।
आवागमन की परेशानी
भगवानपुर मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित, दो स्टीमर लगाये
शमसाबाद। शमसाबाद-शाहजहांपुर मुख्य मार्ग पर चौरा गांव के सामने बाढ़ का पानी अधिक होने से आवागमन प्रभावित हो गया है। शाहजहांपुर जनपद के इस्लामनगर और तहसील क्षेत्र के पैलानी दक्षिण, समेचीपुर समेत आधा दर्जन से अधिक गांव में लोगों को जाने के लिए दिक्कत हो रही है। इसको देखते हुये प्रशासन ने दो स्टीमर की व्यवस्था की है। क्षेत्रीय लेखपाल पंकज सिंह ने बताया कि आवागमन के लिए दो स्टीमर लगाये गये हैं। स्टीमर के लिए किसी व्यक्ति से कोई पैसा नहीं लिया जायेगा।
प्रभावित क्षेत्रों में मुश्किलें
अमृतपुर। गंगापार में बाढ़ का असर काफी भयानक है। पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्र के दर्जनों गांवों में बाढ़ कहर बरपा रही है। गंगा किनारे बसे गांव में लगातार कटान भी चल रहा है। इससे प्रभावित क्षेत्रों में मुश्किलें बढ़ रही हैं। सबसे अधिक समस्या संपर्क मार्ग डूबने से है जिससे कि लोग काफी परेशान हैं। मवेशियों के चारे को लेकर भी समस्या खड़ी हो रही है। क्योंकि खेतीबाड़ी डूब चुकी है और चारा भी नहीं मिल पा रहा है। दूर दराज से चारा लाना पड़ रहा है। कुइयां गांव के प्राइमरी स्कूल में भी बाढ़ का पानी भर गया है। दह िलया से जामपुर की ओर आने वाले संपर्क मार्ग पर भी पानी तेज बहाव के साथ चलने लगा है। गंगापार में तीन दर्जन संपर्क मार्ग बाढ़ के पानी से घिर गए हैं।


