Farrukhabad Kannauj News: कच्चा मकान भरभराकर गिरा, दंपती समेत पांच घायल
Farrukhabad Kannauj News: फर्रुखाबाद के नौली गांव में एक कच्चा मकान अचानक गिर गया, जिससे दंपती और उनके बच्चों सहित पांच लोग घायल हो गए। सभी को मलबे से बाहर निकालकर लोहिया अस्पताल ले जाया गया। यशपाल यादव, जो गंभीर रूप से घायल हुए, को भर्ती किया गया। इस हादसे से परिवार में दहशत का माहौल छा गया है।

Farrukhabad Kannauj News: फर्रुखाबाद। मेरापुर थाना क्षेत्र के नौली गांव में शुक्रवार सुबह कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में मकान के अंदर मौजूद दंपती समेत पांच लोग घायल हो गए। मलबे में दबने से सभी को चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने घायलों को मलबे से बाहर निकाला और उपचार के लिए लोहिया अस्पताल पहुंचाया। यहां गंभीर रूप से घायल यशपाल यादव को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज इमरजेंसी और ओपीडी में किया गया। नौली गांव निवासी यशपाल खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। गांव में उनका कच्चा मकान है, जिसमें दो कमरे बने हुए हैं।
शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे अचानक मकान का एक कमरा भरभराकर गिर गया। इसकी चपेट में आने से दूसरे कमरे की दीवार भी गिर गई। हादसे के समय परिवार के लोग मकान में ही मौजूद थे। अचानक मलबा गिरने से सभी उसकी चपेट में आ गए। हादसे में यशपाल यादव, उनकी पत्नी मीना, तीन वर्षीय बेटा अक्षय, दो वर्षीय बेटी अंजली और यशपाल के साले रविंद्र घायल हो गए। हादसे के बाद परिजन पहले यशपाल को पड़ोस के एक क्लीनिक पर लेकर गए, लेकिन हालत में सुधार न होने पर सभी घायलों को लोहिया अस्पताल लाया गया। इमरजेंसी में मीना, अक्षय, अंजली और रविंद्र का उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल यशपाल को भर्ती कर लिया गया। उनके सिर में चोट आने के कारण चार टांके लगाए गए हैं। हादसे के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।


