Farrukhabad Kannauj News: बाढ़ और ओलावृष्टि से टूटे लाभार्थियों को राहत का मरहम
Farrukhabad Kannauj News: फर्रुखाबाद। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में बाढ़, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि एवं चक्रवात जैसी प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसल क्षति एवं अन्य क्षति से प्रभावित

Farrukhabad Kannauj News: फर्रुखाबाद। जनपद में बाढ़, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि एवं चक्रवात जैसी प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसल क्षति एवं अन्य क्षति से प्रभावित कृषकों तथा परिवारों को कृषि निवेश अनुदान एवं अन्य राहत सहायता राशि वितरित करने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनप्रतिनिधियों द्वारा आपदा प्रभावित लाभार्थियों को सहायता राशि वितरित की गई। तहसील सदर के नौ, तहसील अमृतपुर के 32 तथा तहसील कायमगंज के 14 सहित कुल 55 आपदा पीड़ितों को कृषि निवेश अनुदान एवं अन्य राहत सहायता राशि का वितरण किया गया। यह सहायता प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसल क्षति एवं अन्य नुकसान से प्रभावित कृषकों और परिवारों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से उपलब्ध कराई गई। कृषि निवेश अनुदान एवं राहत सहायता राशि के वितरण के साथ-साथ मत्स्य विभाग एवं उद्यान विभाग की योजनाओं के माध्यम से भी लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। मत्स्य विभाग के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को एरिएशन सिस्टम एवं बोट का वितरण किया गया, जिससे मत्स्य पालन से जुड़े लाभार्थियों को अपने व्यवसाय एवं आजीविका को बेहतर बनाने में सहायता मिल सकेगी। वहीं, उद्यान विभाग के अंतर्गत 10 लाभार्थियों को सब्जियों के बीज का निःशुल्क वितरण किया गया, जिससे वे सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देकर आय में वृद्धि कर सकें।
आपदा प्रभावितों को राहत और विभागीय योजनाओं का लाभ
बाढ़ से फसलों को भी हुआ नुकसान
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने जिला प्रशासन की ओर से आपदा पीड़ितों के लिए संवेदनाएं व्यक्त कर कहा कि एक अगस्त से लगभग दो माह तक जनपद बाढ़ के प्रभाव से ग्रसित रहा है। जनपद में बाढ़ के कारण सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र तहसील अमृतपुर, उसके पश्चात तहसील कायमगंज एवं तहसील सदर रहा। कुछ स्थानों पर काटन भी हुआ जिसके कारण बाढ़ पीड़ितों को अपने मकान की क्षति का भी सामना करना पड़ा, जिन स्थानों पर 2 महीने तक लगातार खेतों में पानी भरा रहा, वहां पर फसलों को भी नुकसान हुआ। बाढ़ के पानी में कमी होने पर जनपद में बारिश हुई और गंगा नदी के जल स्तर में वृद्धि होने पर बाढ़ की स्थिति पुनः उत्पन्न हुई। इस आपदा की घड़ी में जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से बाढ़ राहत सामग्री एवं राहत अनुदान राशि का वितरण सहित प्रत्येक संभव सहायता पहुंचने का प्रयास किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में बाढ़ के प्रभाव से लगभग 22 हजार 627 किसानों (14708 किसान अमृतपुर, 902 किसान फर्रुखाबाद एवं 7015 किसान कायमगंज) को जिला प्रशासन द्वारा 11.50 करोड़ रुपए की राहत धनराशि प्रदान की जा रही है, जिसमें वर्तमान समय तक 11 हजार 399 किसानों को 5 करोड़ 50 लाख रुपए की धनराशि का भुगतान डीबीटी के माध्यम से किया जा चुका है, शेष किसानों का डाटा भी फीड हो चुका है जिन्हें बजट की उपलब्धता के अनुरूप शीघ्र ही फसल की क्षति का भुगतान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त अतिवृष्टि के कारण फसलों को जो नुकसान हुआ है, उसमें 317 कृषकों की फसल का कुल प्रभावित क्षेत्रफल 105 हेक्टेयर है, जिसमें अभी तक 204 किसानों को 10 लाख 55 हजार रुपए की धनराशि का भुगतान किया जा चुका है, डाटा फीडिंग की कार्यवाही पूर्ण होने के पश्चात शेष किसानों को भी अतिवृष्टि के कारण फसल की क्षति की धनराशि का भुगतान किया जाएगा।
मकान क्षति और अन्य आपदा मामलों में राहत भुगतान
क्षतिग्रस्त मकान की क्षति के 405 प्रकरणों में 28 लाख की धनराशि का भुगतान
डीएम ने बताया कि अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त मकान की क्षति के 405 प्रकरणों में 28 लाख की धनराशि का भुगतान किया जा रहा है, जिसमें अब तक 275 पीड़ित लोगों को 14 लाख 12 हजार रुपए की धनराशि का भुगतान किया जा चुका है, शेष पीड़ित लोगों को अवशेष धनराशि का शीघ्र ही भुगतान किया जाएगा। आपदा के कारण जनपद की कायमगंज तहसील में एक जनहानि हुई, जिसमे जिला प्रशासन द्वारा शासन के निर्देशानुसार पीड़ित को 4 लाख रुपए की धनराशि का तत्काल भुगतान किया गया, इसी प्रकार बाढ़ के पानी के वेग से कटान के कारण तहसील सदर एवं कायमगंज में पीड़ित लोगों को निर्धारित समय अवधि के भीतर 1 लाख 30 हजार रुपए की राहत अनुदान राशि का भुगतान किया गया। इससे पहले गोरखपुर में आयोजित किए गए कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद के कलेक्ट्रेट सभागार में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, विधायक सुशील कुमार शाक्य , विधायक डॉ सुरभि की उपस्थिति रही। सजीव प्रसारण के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, आपदा पीड़ितों एवं लाभार्थियों द्वारा मुख्यमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना गया।

