नारी सशक्तिकरण अभियान में जागरूकता पर दिया गया जोर
महिला कल्याण विभाग की ओर से आयोजित नारी सशक्तिकरण संकल्प अभियान के समापन पर महिलाओं को न सिर्फ स्वागत किया गया बल्कि कमजोरी और कमियों पर भी वेवाक ढंग से बात रखी गई। डीएम मोनिका रानी ने तो स्पष्ट रूप...
महिला कल्याण विभाग की ओर से आयोजित नारी सशक्तिकरण संकल्प अभियान के समापन पर महिलाओं को न सिर्फ स्वागत किया गया बल्कि कमजोरी और कमियों पर भी वेवाक ढंग से बात रखी गई। डीएम मोनिका रानी ने तो स्पष्ट रूप से कहा कि पुरुषों को दोष देने की जरूरत नहीं है। क्योंकि नारी ही नारी की दुश्मन है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से महिला हित को लेकर संचालित योजनाओं का भी लाभ लेने को प्रेरित किया।
ग्राम्य विकास अभिकरण परिसर में आयोजित कार्यक्रम को विभिन्न जागरूकता भरी प्रस्तुतियों के साथ आगे बढ़ाया गया। डीएम ने उपस्थित महिलाओं से कहा कि पहले वे खुद संभले उसके बाद दूसरों पर दोषारोपण करने का काम करें तो स्वयं ही सुधार होगा और महिलाएं तरक्की की ओर आगे बढ़ेंगी। सीडीओ अपूर्वा दुबे ने लड़कियों के व्यक्तित्व विकास पर जोर दिया। कहा कि शासन प्रशासन महिलाओं के हित में विभिन्न प्रकार की योजनाएं संचालित कर रहा है। एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने कहा कि आज महिलाओं को बहुत अधिक अधिकार मिले हैं। बाकी देशों में तो अभी भी महिलाओं को अपने अधिकारेां के लिए बड़े संघर्ष करने पड़ रहे हैं। उन्होंने सउदी अरब सहित विभिन्न देश का उदाहरण दिया जहां विभिन्न पाबंदियां महिलाओं को परेशान करने का काम कर रही हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी भारत प्रसाद ने महिला कल्याण को लेकर चल रही योजनाओं का ब्योरा दिया। डॉ.रजनी सरीन ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। उन्हे शासन प्रशासन विभिन्न मौके दे रहा है। जागरूक होने की सभी को जरूरत है। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बबिता पाठक, जिला संयोजक सरस्वती वर्मा, सुमन राठौर ने भी विचार रखते हुए महिलाओं को मजबूती के साथ अपने हक की आवाज उठाने का आह्वान किया। इस दौरान एंटी रोमियो प्रभारी पूनम जादौन ने भी अपनी बात रखी। चित्रा अग्निहोत्री, सीता के अलावा जिला युवा कल्याण अधिकारी बृजेश यादव व संरक्षण अधिकारी सचिन सिंह आदि की उपस्थिति रही।