मेरा यीशु जी उठा, मेरा यीशु जी उठा.. ईस्टर का छाया उल्लास
Farrukhabad-kannauj News - फर्रुखाबाद में ईस्टर पर्व धूमधाम से मनाया गया। मसीही समाज ने सुबह तड़के विजय जुलूस निकाला और चर्च में क्रूस पर कैंडल लगाकर प्रार्थना की। पादरी मनोज कुमार ने कहा कि प्रभु यीशु का पुनरुत्थान जीवन और आशा का संदेश है। इस अवसर पर आतिशबाजी और ईस्टर अंडे भी वितरित किए गए।

फर्रुखाबाद, संवाददाता। प्रभु यीशु जी उठा, मेरा यीशु जी उठा के गीतों के साथ बड़े ही उल्लास के साथ ईस्टर पर्व मनाया गया। प्रभु यीशु के फिर से जी उठने की खुशी में मसीह समाज ने सुबह तड़के विजय जुलूस निकाला और चर्च पहुंचकर क्रूस पर कैंडल लगाकर प्रार्थना की। साथ ही आतिशबाजी कर खुशी मनाई गई।ईस्टर के पावन पर्व पर मसीही समाज के लोग सुबह चार बजे नेकपुर स्थित प्राइमरी स्कूल के निकट एकत्र हुए। हाथों में जलती कैंडल और चेहरे पर प्रभु यीशु के फिर से जी उठने की आशा और आनंद की चमक दिखाई दी। विजय जुलूस मसीही भजनों और स्तुतिगान के साथ शुरू हुआ जो नेकपुर प्राइमरी स्कूल से होकर आवास विकास, वन विभाग मार्ग से गुजरते हुए बढ़पुर चर्च परिसर में आकर संपन्न हुआ।
चर्च पहुंचकर क्रूस के पास कैंडल जलाकर प्रार्थना की और प्रभु के जीवित होने की गवाही दी। इस मौके पर मसीह समाज ने एक स्वर में यह संदेश दिया कि प्रभु यीशु मसीह जीवित हैं और उनका पुनरुत्थान संपूर्ण संसार के लिए जीवन और आशा का संदेश है। चर्च परिसर में आयोजित विशेष ईस्टर आराधना सभा में पादरी मनोज कुमार ने वचन साझा करते हुए कहा कि प्रभु यीशु मसीह का पुनरुत्थान यह सिखाता है कि मृत्यु अंत नहीं है, बल्कि अनंत जीवन की शुरुआत है। आराधना सभा के दौरान प्रभु भोज भी दिया गया। आराधना के समापन पर मसीही समाज को ईस्टर के प्रतीक स्वरूप अंडे वितरित किए गए तथा खुशी के इस पावन अवसर पर आतिशबाजी कर प्रभु यीशु के पुनरुत्थान पर खुशी मनाई गई। सुबह नौ बजे दुबारा प्रार्थना सभा हुई जिसमें पादरी मनोज कुमार ने सभी को ईस्टर की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पवित्र पर्व स्मरण कराता है कि गुड फ्राइडे को सूली पर चढ़ाए गए प्रभु यीशु मसीह तीसरे दिन जी उठे और आज भी जीवित हैं। अमन मनीला पीटर, भावना लाल, सुजीत सहाय, वीना साइमन, स्वेता नोरमन, डोरकस अबरार, अजय जी लाल, डायमंड इंद्रियास, राजीव के लाल, एलिस दयाल, निशा लाल, शशि सिंह, जॉर्डन राज, सुषमा लाल, सुनील विक्टर, विनीता सिंह, आदित्य सहाय, रविंद्र जी लाल, राहुल अबरार, प्रशांत एडसन, अनमोल लाल, विशाल दास आदि रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


