रिटायर्ड फौजी के बंद मकान से नगदी-जेवर चोरी
फर्रुखाबाद। संवाददाता भोलेपुर में एक रिटायर्ड फौजी के बंद मकान से चोर नगदी के...
फर्रुखाबाद। संवाददाता
भोलेपुर में एक रिटायर्ड फौजी के बंद मकान से चोर नगदी के साथ जेवरात ले उड़े। पूर्व सैनिक अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर गांव गए हुए थे। घटना को लेकर फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस से शिकायत की गयी। पुलिस ने जांच पड़ताल की।
भोलेपुर की मस्जिद वाली गली बेवर रोड पर रिटायर्ड सैनिक शखावत खां का मकान है। शनिवार को वह अपने परिवार के साथ जयसिंहपुर, कन्नौज गए हुए थे। घर पर ताला लगा हुआ था। रात में मौका पाकर चोरों ने घर के ताले को तोड़ दिया। घर में आराम से घुस गए और कीमती सामान बटोर ले गए। रविवार की सुबह जब चोरी का पता चला तो पड़ोसी ने उन्हें खबर दी। इस पर वह घर लौटकर आए। घटना को लेकर पुत्र सुधीर खां ने पुलिस को जानकारी दी और बताया कि उनके घर से ताले तोड़कर चोर हार, चूड़ी, चेन, अंगूठी, झाले, चांदी के गुच्छे बैंक से निकालकर रखे गए एक लाख रुपए की नगदी के साथ अन्य कीमती सामान ले गए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुत्र की ओर से पुलिस को तहरीर दे दी गयी है। इसमें पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिया है। घटना से आस पास के लोग भी परेशान हो रहे हैं।
