फर्रुखाबाद में बुजुर्ग दंपति की हत्या कर लूटपाट

Feb 27, 2026 12:45 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, फर्रुखाबाद कन्नौज
share Share
Follow Us on

Farrukhabad-kannauj News - कायमगंज में गंगा दरवाजा कूंचा मोहल्ले में एक बुजुर्ग दंपति की हत्या कर लूटपाट की गई। 70 वर्षीय पुरुषोत्तम और उनकी 65 वर्षीय पत्नी पुष्पा का शव घर में मिला। पुलिस ने बताया कि हत्या लूटपाट के दौरान हुई है। मृतक दंपति की बेटी ने कहा कि उनके माता-पिता की किसी से रंजिश नहीं थी।

फर्रुखाबाद में बुजुर्ग दंपति की हत्या कर लूटपाट

कायमगंज (फर्रुखाबाद)। घनी आबादी वाले गंगा दरवाजा कूंचा मोहल्ले में घर के अंदर बुजुर्ग दंपति की हत्या कर लूटपाट की गई। पति का शव बेड पर तो पत्नी का शव आंगन में पड़ा मिला। गुरुवार दोपहर दूधिया घर पहुंचा तो घटना की जानकारी हुई। मौका-ए-वारदात पर पहुंचीं पुलिस कप्तान ने जांच-पड़ताल के बाद जल्द खुलासे की बात कही है। 70 वर्षीय पुरुषोत्तम कौशल अपनी 65 वर्षीय पत्नी पुष्पा के साथ गंगा दरवाजा कूंचा मोहल्ले में रहते थे। एक बेटी को गोद लिया था जिसकी शादी कर दी थी। पड़ोसियों ने बताया कि पुरुषोत्तम को लकवा मार गया था इसलिए वह घर पर ही रहते थे।

गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे दूधिया बृजेश गुप्ता दूध देने के लिए उनके घर पहुंचा। दरवाजे को धक्का देकर जैसे ही वह अंदर दाखिल हुआ उसकी चीख निकल पड़ी। आंगन में पुष्पा का शव और कमरे के अंदर बेड पर पुरुषोत्तम का शव पड़ा था। हो-हल्ला मचने पर आसपास के लोग जुट गए। अंदर देखा तो घर की अलमारी, स्टोर रूम में बक्सा खुला पड़ा। काफी सामान बिखरा हुआ था। समझते देर न लगी कि लूटपाट के दौरान दोनों को मार गया है। पुरुषोत्तम का गला किसी तार से कसा गया था। सभासद सचिन की सूचना पर सीओ राजेश द्विवेदी, इंस्पेक्टर मदन मोहन चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर बाद पुलिस अधीक्षक आरती सिंह और जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी भी पहुंच गए। एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या प्रतीत हो रही है। गोद ली गई बेटी को सूचना भिजवाई गई है। आसपास के लोगों ने घटना के बारे में पूछताछ की गई है। पुलिस की टीमों को खुलासे के लिए लगाया गया है। हालात को देखने से लग रहा है कि घटना के पीछे किसी परिचित का हाथ है। संभवत: लूटपाट का विरोध करने पर दंपति को मारा गया है। बेटी बोली, जेवर व कागजात ले गए: दंपति की हत्या की सूचना मिलने के बाद मृतक दंपति की पुत्री गुनगुन अपने पति सत्यम के साथ करीब रात नौ बजे घटनास्थल पर पहुंची। माता-पिता की मौत की खबर सुनते ही दोनों फफक कर रो पड़े। घर के अंदर पहुंचकर गुनगुन ने कमरों व अलमारी का सामान चेक किया। इस दौरान उसने बताया कि उसके माता-पिता की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। उन्हें शक है लूटेरों ने लूटपाट के इरादे से घटना को अंजाम दिया है। गुनगुन ने बताया कि अलमारी में रखे भूमि संबंधी कागजात और जेवर गायब मिले हैं। यह कहते हुए वह भावुक होकर रो पड़ी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।