
काम के दवाब में बीएलओ ने ज़हरीला पदार्थ पीया, हालत गंभीर
Farrukhabad-kannauj News - कायमगंज के अमलैया मुकेरी गांव में एक बीएलओ ने ज़हरीला पदार्थ पी लिया। उन्होंने तहसीलदार और एक प्राइवेट कर्मी पर मानसिक दबाव बनाने और अभद्रता का आरोप लगाया। तहसीलदार ने आरोपों को खारिज किया है। मामले की जांच शुरू हो गई है। गंभीर हालत में बीएलओ को अस्पताल भेजा गया है।
कायमगंज, संवाददाता। कोतवाली क्षेत्र के अमलैया मुकेरी गांव में बुधवार को एक बीएलओ ने संदिग्ध हालात में ज़हरीला पदार्थ पी लिया। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचे बीएलओ ने तहसीलदार और प्राइवेट कर्मी पर एसआईआर कार्य को लेकर मानसिक दबाव बनाने और अभद्रता करने का आरोप लगाया है। वहीं तहसीलदार ने आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। पूरा मामला जांच के दायरे में आ गया है। ब्लॉक शमसाबाद क्षेत्र के अमलैया मुकेरी निवासी 50 वर्षीय ललित कुमार गंगवार ने बुधवार को अपने घर पर संदिग्ध हालात में ज़हरीला पदार्थ पी लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया।

प्राथमिक इलाज के दौरान होश में आए ललित कुमार ने बताया कि वह उच्च माध्यमिक विद्यालय ममापुर में सहायक अध्यापक हैं और बूथ संख्या 272 पर बीएलओ के रूप में भी ड्यूटी कर रहे हैं। ललित कुमार ने आरोप लगाया कि एसआईआर के कार्य को लेकर लगातार उन पर अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा था। मंगलवार शाम को तहसील सभागार में हुई एसआईआर बैठक में तहसीलदार ने उनके साथ अभद्रता की। बुधवार सुबह भी उन्हें दोबारा तहसील बुलाकर कार्य के नाम पर दबाव डाला गया, जबकि उनका कहना है कि उनका पूरा एसआईआर कार्य शत प्रतिशत पूरा था। उन्होंने आरोप लगाया कि तहसीलदार व कार्यालय के एक प्राइवेट कर्मी की प्रताड़ना और मानसिक दबाव से क्षुब्ध होकर उन्होंने मजबूरी में कीटनाशक का सेवन कर लिया। ललित कुमार की हालत बिगड़ने की सूचना पर उनकी पत्नी राखी और पुत्र प्रबल प्रताप का रो-रोकर बुरा हाल है। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अमरेश कुमार ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया है। तहसीलदार विक्रम सिंह चाहर ने बीएलओ द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि 272 नंबर बूथ उनके क्षेत्र में आता ही नहीं है। वहां एबीएसए शमसाबाद एआरओ के रूप में तैनात हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि न तो वे ललित कुमार से मिले हैं और न ही फोन पर कोई बात हुई है। एसडीएम अतुल कुमार सिंह ने कहा कि सभी बीएलओ का कार्य पूरा हो चुका है और किसी पर भी दबाव नहीं बनाया गया। सभी को उनके कार्य के लिए धन्यवाद भी दिया गया। उन्होंने कहा कि 272 नंबर बूथ का कार्य भी पूर्ण था, ऐसे में यह जांच का विषय है कि संबंधित बीएलओ किस दबाव में ऐसा आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी गई है और प्रशासन पूरे प्रकरण की पड़ताल में जुटा है। एसडीएम ने बताया कोई प्राइवेट कर्मी उनके यहां नहीं है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


