बैकों में लटके ताले, हड़ताल से 80 करोड़ का कारोबार प्रभावित
Farrukhabad-kannauj News - फर्रुखाबाद में यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियन के आह्वान पर बैंक कर्मचारियों ने हड़ताल की, जिससे 80 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ। सभी बैंकों में ताले लगे रहे और ग्राहकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कर्मचारी शनिवार को भी बैंक बंद करने की मांग कर रहे हैं।

फर्रुखाबाद। यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियन के आह्वान पर मंगलवार को सभी बैंकों के अधिकारी और कर्मचारी हड़ताल पर रहे। बैंकों में ताले लटके होने से ग्राहकों को भटकना पड़ा। करीब 80 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ। आवास विकास में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैक के क्षेत्रीय कार्यालय पर एकजुट कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। जनपद में करीब 300 शाखाओं में हड़ताल पूरी तौर पर प्रभावी रही। करोड़ों का बैंकिंग लेन देन, चेक क्लियरिंग ठप रहा। तीन दिन से बैंक बंद होने के चलते एटीएम पहले से ही खाली हो चुके थे और इस बैंक हड़ताल से ग्राहकों को लेन देन के लिए मुश्किल उठानी पड़ी।
बैंक कर्मी संगठन माह के सभी शनिवार को बैंक बंद करने की मांग कर रहे हैं। अभी दूसरे और चौथे शनिवार को ही बैंक बंद रहते हैं। हड़ताली बैंक कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सेंट्रल बैक स्टाफ एसोसिएशन के उपसचिव मयंक गुप्ता ने कहा कि बैंकिंग उद्योग में पांच दिवसीय बैकिंग लागू करने के लिए लंबे अर्से से मांग चल रही है। शनिवार को बैंक बंद होने पर इस दिन के कर्मचारियों के कार्य करने के समय को सोमवार से शुक्रवार तक समायोजित कर बढ़वाने के लिए पहले से ही बैंक कर्मी तैयार हैं। आश्रय अवस्थी ने कहा कि पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग पूरी तरह से न्याय संगत है। इटावा मंडल के प्रांतीय सहायक मंत्री राजीव कुमार ने कहा कि कार्य दिवस कम करने से ग्राहकों को कोई नुकसान नही होगा। पीएनवी के जयंत यादव और बीओआई के सुमित अग्निहोत्री ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर राजीव सिंह, निखिल मिश्र, प्रदीप सोमवंशी, बृजेश राय, धीरेंद्र यादव, कृष्ण कुमार शुक्ला, सूर्य कुमार शुक्ला, राहुल, अनिरुद्ध, किरन, श्यामसुंदर, प्रियंका यादव, धीरज, अभय, शिवांश, अनमोल द्विवेदी, प्रियांक श्रीवास्तव, प्रशांत शुक्ला, नीरज मौर्य, प्रतीक मिश्रा आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




