Video: पहले स्कूल का निरीक्षण, फिर दिव्यांग बच्चों संग खेला क्रिकेट, फर्रुखाबाद DM का अलग अंदाज

लाइव हिन्दुस्तान, फर्रुखाबाद
share

फर्रुखाबाद के संकेत राजकीय मूक-बधिर विद्यालय के निरीक्षण के दौरान डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने बच्चों के साथ क्रिकेट खेला। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। डीएम ने बच्चों की पढ़ाई, सुविधाओं और दिनचर्या की जानकारी ली। उन्होंने खेलों को भी बच्चों के विकास के लिए जरूरी बताया।

फर्रुखाबाद में राजकीय मूक-बधिर विद्यालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर का बच्चों के साथ क्रिकेट खेलते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में डीएम बच्चों के साथ मैदान में क्रिकेट खेलती नजर आ रही हैं। हालांकि, हिन्दुस्तान इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। बुधवार को डीएम ने फतेहगढ़ स्थित संकेत राजकीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

डीएम ने दिव्यांग बच्चों संग खेला क्रिकेट

निरीक्षण के दौरान डीएम कुछ समय बच्चों के बीच बैठीं और उनकी पढ़ाई, दिनचर्या तथा स्कूल में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मूक-बधिर बच्चों के साथ संवाद के लिए इशारों, संकेतों और चेहरे के भावों का सहारा लिया गया। डीएम ने बच्चों के साथ सहजता से जुड़ने का प्रयास किया और कक्षा में पढ़ाई से जुड़े सवाल-जवाब भी किए। इसके बाद माहौल उस समय और खुशनुमा हो गया, जब जिलाधिकारी बच्चों के साथ क्रिकेट खेलने मैदान में उतर गईं। हाथ में बल्ला लेकर डीएम को अपने बीच खेलता देखकर बच्चों में उत्साह देखने को मिला। क्रिकेट खेलते समय बच्चे इशारों के जरिए एक-दूसरे को समझाते और उत्साह बढ़ाते नजर आए।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो

डीएम के बच्चों के साथ क्रिकेट खेलने का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है। लोग इसे बच्चों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों के सहज जुड़ाव की पहल के तौर पर सराह रहे हैं। डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि बच्चों को बेहतर माहौल और अवसर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। स्कूलों में पढ़ाई के साथ खेल और अन्य गतिविधियों के लिए भी बच्चों को अवसर मिलना चाहिए। प्रशासन की ओर से इसके लिए हरसंभव मदद की जाएगी। मूक-बधिर बच्चों के लिए खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि आपसी संवाद और टीम भावना विकसित करने का भी जरिया है। क्रिकेट के दौरान बच्चों के बीच इशारों और भाव-भंगिमाओं के जरिए संवाद देखने को मिला।

डीएम ने बच्चों के अनुभव भी समझे

जिलाधिकारी ने भी बच्चों की जरूरतों और अनुभवों को समझने का प्रयास किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की व्यवस्थाओं की समीक्षा के साथ बच्चों के साथ समय बिताने की डीएम की पहल चर्चा में है। प्रशासन का जोर बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण देने के साथ उनकी प्रतिभा और खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर है।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsपहले स्कूल का निरीक्षण, फिर बच्चों संग खेला क्रिकेट, फर्रुखाबाद DM का अलग अंदाज