
ट्रैक्टर से घर लौट रहे किसान के सामने अचानक आ गया तेंदुआ, खूंखाकर जानवर को देख बंधी घिग्घी
सीतापुर में बाघ के बाद अब तेंदुए से लोगों में दहशत फैल गई। ट्रैक्टर से घर लौट रहे एक किसान के सामने अचानक से जब तेंदुआ आ गया तो उसकी घिग्घी बंध गई। हालांकि हॉर्न की आवाज सुनकर वह झाड़ियों में छिप गया।
यूपी के सीतापुर के महोली में हिंसक पशुओं की चहलकदमी लगातार बढ़ती जा रही है। अभी हाल ही में इलाके के लोगों को बाघ की दहशत से निजात मिली थी, कि तेंदुए की आमद ने मुसब्बरपुर और आस-पास के गांवों में रहने वाले लोगों को खौफजदा कर दिया है। मुसब्बरपुर गांव के पास ट्रैक्टर से घर लौट रहे किसान के सामने आचानक तेंदुआ आ गया। अपने सामने तेंदुए को देखकर किसान के होश उड़ गए, कुछ पलों के लिए तो उसकी घिग्घी ही बंध गई। कुछ संहलने के बाद जब किसान ने ट्रैक्टर का हार्न बजाया तो तेंदुआ पास ही झाड़ियों में घुस गया। वहीं मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम तेंदुए की तलास में ग्रामीणों के साथ मिल कर काबिंग कर रही है।
हॉर्न की आवाज सुनकर झाड़ियों में छिपा तेंदुआ
महोली इलाके में कई सालों से मौजूद बाघ के कुनबे के रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सास ली ही थी। एक बार फिर तेंदुए की आमद से इलाके में भय व्याप्त हो गया हैं। बीते शनिवार की शाम को कोतवाली क्षेत्र के मुसब्बरपुर के निवासी किसान नरेंद्र अपने भाई धर्मेंद्र के साथ खेतों की ओर ट्रैक्टर ट्राली पर सवार हो गन्ने की पत्ती लेने गए थे। खेत से देर शाम लौटते समय बीच रास्ते में उनके ट्रैक्टर के सामने अचानक से तेंदुआ आ गया। जिसके बाद घबराए धर्मेंद्र ने ट्रैक्टर का हॉर्न बना शुरू कर दिया और ट्रैक्टर कर रफ्तार बढ़ा दी। इसी बीच हार्न की तेज आवाज और ट्रैक्टर की हेड लाइट से तेंदुआ पास की झाड़ियों में घुस गया। गांव पहुंच कर दोनों भाइयों ने गांव वालो को तेंदुए की मौजूदगी की बात बताई।
ग्रामीणों ने वन विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप
ग्रामीण लाठी डंडों से लैस होकर शोर मचाते हुए तेंदुए को देखे जाने वाले स्थान पर पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी। इस दौरान ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कहा, कि लगभग एक माह पहले भी गांव के बाहर तेंदुआ देखे जा चुका है। जिसका वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आए वन विभाग द्वारा गांव के बाहर एक पिंजरा भी लगाया गया है। तब से अब तक वह पिंजरा उसी स्थान पर लगा है। वहीं मामले में वन क्षेत्राधिकार कल्पेश्वर नाथ ने बताया, कि गांव में तेंदुए के देखे जाने की सूचना मिली है। सूचना पर वन कर्मी गए थे, किसी तरह के पगचिह्न नहीं मिले हैं। कांबिग की जा रही है। संभावित जगह पर पिंजरा लगाया जाएगा।





