जमीन मालिक की जगह किसी और से करा दी रजिस्ट्री, खड़ा कर दिया 5 मंजिला अपार्टमेंट; मचा हड़कंप

Mar 17, 2026 02:42 pm ISTAjay Singh वरिष्ठ संवाददाता, गोरखपुर
share

आरोपी माजिद पुत्र जुम्मन ने फर्जी पहचान पत्र बनवाकर खुद को जगदीश चौहान बताकर जमीन का सीमांकन कराया। उसने रमेश दूबे, रामानंद और मनोज निषाद के पक्ष में 19 जून 2025 को उपनिबंधक सदर प्रथम कार्यालय में एग्रीमेंट टू सेल पंजीकृत करा दिया। आरोप है कि यह पूरी प्रक्रिया कूटरचित दस्तावेजों के जरिए की गई।

जमीन मालिक की जगह किसी और से करा दी रजिस्ट्री, खड़ा कर दिया 5 मंजिला अपार्टमेंट; मचा हड़कंप

UP News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में अजब-गजब हुआ है। यहां गोरखनाथ क्षेत्र में करोड़ों रुपये कीमत की जमीन के फर्जी बैनामे का मामला सामने आया है। आरोप है कि मृत मालिक की जगह किसी दूसरे को खड़ा कर जमीन की रजिस्ट्री करा ली गई और बाद में उस पर पांच मंज़िला अपार्टमेंट भी खड़ा कर दिया गया। पीड़ित की बेटी की याचिका पर कोर्ट के आदेश पर गोरखनाथ थाना पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला सामने आने के बाद से हड़कंप मचा हुआ है। जीडीए ने नोटिस भी जारी कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, शाहपुर थाना क्षेत्र के गडेरिया टोला बशारतपुर निवासी गुंजन बाला ने अदालत में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उनकी मां ज्ञानमती उर्फ ज्ञानी देवी के नाम मौजा जटेपुर दक्षिणी में आराजी संख्या 414, 415, 416, 417 और 418 की जमीन है। यह जमीन उनके पति जगदीश चौहान की मृत्यु के बाद उन्हें विरासत में मिली थी। आरोप है कि इस कीमती जमीन को हड़पने के लिए आरोपियों ने साजिश रची।

आरोपी माजिद पुत्र जुम्मन ने फर्जी पहचान पत्र बनवाकर खुद को जगदीश चौहान बताकर जमीन का सीमांकन कराया। इसके बाद उसने रमेश दूबे, रामानंद और मनोज निषाद के पक्ष में 19 जून 2025 को उपनिबंधक सदर प्रथम कार्यालय में एग्रीमेंट टू सेल पंजीकृत करा दिया। आरोप है कि यह पूरी प्रक्रिया कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर की गई और जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत से फर्जीवाड़ा संभव हुआ।

बताया कि धर्मशाला बाजार से गोरखनाथ रोड पर स्थित आराजी संख्या 414 की करीब 9262 वर्गफीट जमीन बेहद कीमती है। इस पर पांच मंज़िला अपार्टमेंट बना दिया गया है। नक्शे और निर्माण को लेकर गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने भी नोटिस जारी किया था।

मां की हो गई हार्ट अटैक से मौत: पीड़ित बेटी गुंजन बाला के मुताबिक, जब उनकी मां ज्ञानमती देवी को इस फर्जीवाड़े की जानकारी हुई तो उन्होंने गोरखनाथ थाने में शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 11 दिसंबर 2025 को उन्होंने रजिस्टर्ड डाक से एसएसपी को भी सूचना भेजी, लेकिन फिर कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि इस पूरे घटनाक्रम से आहत होकर ज्ञानमती देवी सदमे में आ गईं और 24 नवंबर 2025 को उनका हार्ट फेल हो गया।

मौत के बाद बेटी पहुंची कोर्ट, केस-जांच के आदेश

मां की मौत के बाद बेटी गुंजन बाला ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट ने मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस को मुकदमा दर्ज कर जांच करने का आदेश दिया। इसके बाद गोरखनाथ पुलिस ने माजिद, रमेश दूबे, रामानंद और मनोज निषाद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।