पैसा डबल करने का लालच देकर खपाते नकली नोट; बस्ती में 4.20 लाख की फेक करेंसी के साथ 5 गिरफ्तार
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बैंक के आसपास घूमकर ग्राहकों को दोगुना पैसा देने का लालच देते थे। और फिर नकली नौट खपा देते। आरोपियों के पास से नकली नोटों के अलावा सात एंड्रॉयड मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त होने वाली तीन बाइक बरामद हुई हैं।

बस्ती जिले की वाल्टरगंज थाना पुलिस ने स्वॉट और सर्विलांस की मदद से नकली नोट की मदद से ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। टीम ने पांच शातिरों को 4.20 लाख रुपये के नकली नोट के साथ पकड़ा है। आरोपितों में एक नेपाल, जबकि अन्य आरोपी महराजगंज, संतकबीरनगर और बलरामपुर के रहने वाले हैं। पुलिस लाइन के सभागार में एएसपी श्यामकांत ने खुलासा किया कि सूचना पर शनिवार को वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के बक्सई घाट पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीन बाइक पर सवार पांच आरोपितों को दबोच लिया। तलाशी में इनके पास से 500 और 200 रुपये के नोटों की पांच-पांच और सौ रुपये की सात गड्डियां मिलीं।
पैसा डबल करने का लालच देते थे
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बैंक के आसपास घूमकर ग्राहकों को दोगुना पैसा देने का लालच देते थे। और फिर नकली नौट खपा देते। आरोपियों के पास से नकली नोटों के अलावा सात एंड्रॉयड मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त होने वाली तीन बाइक बरामद हुई हैं। यह गिरोह बस्ती जिले के अलावा अम्बेडकरनगर, सिद्धार्थनगर अयोध्या और संतकबीरनगर में भी सक्रिय था। यह गैंग पैसे के साथ ही कहीं-कहीं नकली सोने का सिक्का भी देकर ठगी करता था।
4.20 लाख के नकली नोटों के साथ 5 गिरफ्तार
पुलिस लाइन के सभागार में 4.20 लाख के नकली नोट के साथ पांच शातिरों की गिरफ्तारी के बाद गिरोह का खुलासा करते हुए एएसपी श्यामकांत ने बताया कि पकड़े गए आरोपितों में मणिकांत चौधरी, मुस्तफा , नबीउल्लाह ,नबीउल्लाह उस्मानी, हबीर्बुर्रहमान शामिल है। आरोपी नबीउल्लाह उस्मानी के खिलाफ कुशीनगर और गोरखपुर और हबीर्बुर्रहमान के खिलाफ बस्ती में केस दर्ज है। एएसपी ने बताया कि गिरोह के कुछ अभियुक्त पहले भी नकली नोट और धोखाधड़ी के मामलों में जेल जा चुके हैं।
ठिकाना बदलने में माहिर है गैंग
हर वारदात के बाद अपना ठिकाना बदलने में माहिर है। इससे जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। गिरोह पर गैंगस्टर की कार्रवाई भी जाएगी। बरामदगी के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। नकली नोट से ठगी करने के आरोपितों की धरपकड़ करने वाली टीम में थानाध्यक्ष वाल्टरगंज शशांक सिंह, प्रभारी सर्विलांस/ स्वाट टीम शेषनाथ यादव, प्रभारी चौकी मनौरी उपेन्द्र शर्मा, एसआई कृष्ण कुमार सिंह शामिल हैं।
इसके अलावा थाने के हेड कांस्टेबल धीरेन्द्र यादव, राजाराम गुप्ता, मिथुन कन्नौजिया, कांस्टेबल शैलेन्द्र यादव, निकेश यादव, अवधराज यादव, रमेश चौहान, स्वॉट के हेड कांस्टेबल मृत्युंजय कुशवाहा, पवन तिवारी, अनुज यादव, कांस्टेबल शुभेंद्र तिवारी, किशन सिंह, अभिलाष प्रताप सिंह, सर्विलांस टीम के हेड कांस्टेबल देवेश यादव, कांस्टेबल संतोष शामिल रहे


