करेंसी चेस्ट में नकली नोट: पीएनबी के फरार अफसरों के घर छापे, लुकआउट नोटिस जारी

लाइव हिन्दुस्तान, सहारनपुर, वरिष्ठ संवाददाता
share

यूपी के सहारनपुर में पीएनबी के करेंसी चेस्ट में 17 करोड़ से ज्यादा मूल्य के नकली नोट मिलने के मामले में फरार अफसरों के घर पुलिस ने छापेमारी की है। तीनों अफसरों के विदेश भागने की आशंका में लुकआउट नोटिस जारी किया गया है।

Fake notes in currency chest
पंजाब नेशनल बैंक के करेंसी चेस्ट में नकली नोट की जांच तेज हो गई है (फाइल फोटो)

यूपी के सहारनपुर में बैंक के करेंसी चेस्ट में 17 करोड़ 29 लाख की नकली करेंसी से जुड़े मामले में नामजद पीएनबी के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक रवि कुमार कांसे, सोफिया मार्केट करेंसी चेस्ट के प्रबंधक सुशील कुमार और जगाधरी करेंसी चेस्ट के प्रबंधक अमित कुमार की तलाश तेज हो गई है। तीनों के नेपाल भागने की आशंका के चलते पुलिस ने उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया हैं। पुलिस और जांच एजेंसियां अब तीनों की तलाश के साथ उनके संपर्कों, आर्थिक गतिविधियों और पिछले कई महीनों की गतिविधियों की पड़ताल कर रही है। इनके घरों पर छापेमारी कर कई इलेक्ट्रानिक डिवाइस कब्जे में ली है।

घंटाघर स्थित सोफिया मार्केट की पीएनबी करेंसी चेस्ट में एक तरफ एसआईटी की जांच लगातार जारी है। दूसरी तरफ, एसएसपी अभिनंदन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच को भी जांच में लगाया है। एसआइटी और क्राइम ब्रांच ने तीनों आरोपितों के घरों की तलाशी लेकर इलेक्ट्रानिक डिवाइस और महत्वपूर्ण दस्तावेज कब्जे में लिए हैं। इनकी जांच और फारेंसिक परीक्षण के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नकली करेंसी के मामले में तीनों की भूमिका किस स्तर तक थी और उनके संपर्क किन लोगों से रहे।

प्राइवेट कर्मचारी से भी लिया जा रहा था काम, अब वह भी फरार

जांच में एक और महत्वपूर्ण नाम सामने आया है। पुलिस के अनुसार, अमित कुमार जब सोफिया मार्केट करेंसी चेस्ट के प्रबंधक थे, तब उन्होंने आदेश नामक एक निजी व्यक्ति को अपने कामों के लिए रखा हुआ था। अब आदेश भी लापता बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में है। जांच एजेंसियां पता लगाने में जुटी हैं कि आदेश को किस तरह के काम सौंपे गए थे और उसका करेंसी चेस्ट से जुड़े लोगों से किस प्रकार संपर्क था।

सीसीटीवी से भी सुराग की कोशिश

पुलिस करीब एक साल की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए संदिग्ध लोगों की आवाजाही, संपर्कों और करेंसी चेस्ट से जुड़े घटनाक्रमों की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस की नजर अब जब्त डिवाइस, दस्तावेज, सीसीटीवी फुटेज और वित्तीय लेनदेन के रिकॉर्ड पर है।

अमित की आलीशान कोठी और संपत्तियों की पड़ताल में जुटी एजेंसियां

जांच एजेंसियों की नजर आरोपित अमित कुमार की संपत्तियों और आर्थिक गतिविधियों पर भी है। खासतौर पर जगाधरी स्थित अमित की आलीशान कोठी को जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह क्षेत्र की प्रमुख आलीशान कोठियों में शामिल है।

पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अमित की संपत्तियां और उनके नाम या उनसे जुड़े लोगों के आर्थिक लेनदेन मामले से किसी तरह जुड़े हैं या नहीं। जांच में बड़ी रकम के लेनदेन की भी पड़ताल की जा रही है। बैंक खातों, संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड का परीक्षण किए जाने की संभावना है।

जांच एजेंसियों ने अमित के घर से इलेक्ट्रानिक डिवाइस और महत्वपूर्ण दस्तावेज कब्जे में लिए हैं। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि अमित किन लोगों के संपर्क में था और करेंसी चेस्ट से जुड़े कार्यों के दौरान उसकी गतिविधियां क्या थीं। पुलिस के मुताबिक अमित ने सोफिया मार्केट करेंसी चेस्ट के प्रबंधक रहते हुए आदेश को अपने कामों के लिए रखा था।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsकरेंसी चेस्ट में नकली नोट: पीएनबी के फरार अफसरों के घर छापे, लुकआउट नोटिस जारी