
लखनऊ में धमाके, पटाखा बनाने की फैक्ट्री में विस्फोट के बाद दूर तक पहुंची आग
यूपी की राजधानी लखनऊ में बुधवार की सुबह एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। एक के बाद एक कई धमाके हुए। इसके बाद लगी आग कुछ देर में ही दूर तक फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया।
यूपी की राजधानी लखनऊ में बुधवार की सुबह एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। एक के बाद एक हुए धमाके से लगी आग दूर तक फैल गई। नगराम के अब्बास नगर रोड के पास हुए हादसे में युवती और एक बच्ची के घायल होने की सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। खेत में बने पटाखा गोदाम में विस्फोट के बाद निकली आग काफी दूर तक पराली में भी लग गई। फायर ब्रिगेड से पहले पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने खेत में लगी आग को बुझाने की कोशिश शुरू की। खेत में पराली जलाने को विस्फोट का कारण बताया जा रहा है।

बताया जाता है कि नगराम के अब्बास नगर रोड पर खेत के बीच शादियों और त्योहार में इस्तेमाल होने वाले पटाखा बनाने का गोदाम और फैक्ट्री है। फैक्ट्री के पास ही पराली जलाई जा रही थी। पराली से उड़ी आग पटाखों तक पहुंच गई। पटाखों के ढेर मे आग लगते ही जोरदार धमाका हुआ। कई पटाखे दूर दराज खेतों मे जाकर गिरे तो वहां भी आग लग गई। खेतो में रखी पराली और धान की फसल में लगी आग दूर तक फैलने लगी। तेज धमाकों की गूंज तीन किलोमीटर दूर तक सुनी गई।
सूचना पाकर नगराम पुलिस, डीसीपी, एसीपी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस में फायर विभाग को सूचना दी। इस बीच खुद पुलिस वाले ग्रामीणों के साथ आग बुझाने में जुट गए। आग बुझाने के दौरान भी धमाकों की आवाज आती रही। महिला पुलिसकर्मियों ने बाल्टियों से आग बुझाने का प्रयास किया। दमकल के पहुंचने पर आग पर काबू पाया गया।
एसएचओ विवेक चौधरी ने बताया कि नगराम कस्बा निवासी इसरत अली का पटाखा गोदाम है। इसरत अली पटाखा लाइसेंस धारक है। शादी समारोह मे भी आतिशबाजी का काम करता है। हालांकि कि पुलिस का कहना है कि पटाखा विस्फोट मे किसी की हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है। लेकिन ग्रामीण एक युवती और एक बच्ची के घायल होने की बात कह रहे हैं।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें

