डॉक्टर के गुटखा खाने पर मरीज ने इमरजेंसी में किया हंगामा
Etawah-auraiya News - रविवार को इटावा जिला अस्पताल की इमरजेंसी में एक युवक ने डॉक्टर द्वारा गुटखा खाने पर हंगामा किया। युवक का कहना था कि डॉक्टर ने उसे वैक्सीन लगाने से मना कर दिया। पुलिस ने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह शराब के नशे में था और हंगामा करता रहा।

जिला पुरुष अस्पताल की इमरजेंसी में रविवार की दोपहर एक युवक ने जमकर हंगामा काटा। हंगामा का कारण इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के द्वारा गुटखा खाना बताया जा रहा है युवक का आरोप है कि डॉक्टर को गुटखा खाने से जब मना किया तो उन्होंने वैक्सीन लगाने से मना कर दिया।हंगामा बढ़ता देख सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ ले गई । राजस्थान के सीकर जिले के खाटूश्याम निवासी अशोक मीणा किसी काम से लखनऊ गए थे। वहां से वह रविवार को ट्रेन से इटावा पहुंचे थे। शाम करीब सवा चार बजे इटावा स्टेशन से राजस्थान के लिए दूसरी ट्रेन पकड़नी थी।
इसी दौरान स्टेशन के बाहर सामान खरीदने जाते समय एक बंदर ने उनके बाएं हाथ पर काट लिया। अशोक मीणा दोपहर करीब तीन बजे जिला अस्पताल एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने के लिए इमरजेंसी में पहुंचे। इमरजेंसी ड्यूटी पर मौजूद डॉ. राहुल बाबू के मसाला खाकर ड्यूटी करने को लेकर मरीज और डॉक्टर के बीच बहस हो गई। मरीज का कहना था कि जब उन्होंने डॉक्टर को मसाला खाकर ड्यूटी करने पर टोका तो डॉक्टर ने इंजेक्शन लगाने से मना कर दिया और कहा कि जो करना हो कर लो। इस पर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। अशोक मीणा ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस बुला ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने डॉक्टर से पूछताछ की और मरीज को इंजेक्शन लगवाकर जाने के लिए कहा, लेकिन उसने यह कहते हुए इंजेक्शन लगवाने से मना कर दिया कि डॉक्टर उसे जहर का इंजेक्शन लगा सकते हैं।इसके बाद युवक पुलिसकर्मियों से भी उलझ गया और दोबारा डायल 112 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि जो पुलिसकर्मी मौके पर आए हैं वह उससे संतुष्ट नहीं है और डॉक्टर से मिले हुए हैं।मामले की जानकारी मिलने पर सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की मोतीझील चौकी के प्रभारी सुरेश कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। बताया गया कि युवक शराब के नशे में था। इसके बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने ले गई। लगभग आधे घंटे तक इमरजेंसी में हाईवोल्टेज हंगामा चलता रहा जिससे अन्य मरीज भी परेशान हो हुये। तीन दिनों के अंदर जिला अस्पताल की इमरजेंसी में हंगामे की यह दूसरी घटना है। इससे पहले सिविल लाइंस क्षेत्र के सरैया में सीढ़ियों से गिरकर घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो जाने पर गुस्साए परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए इमरजेंसी की ओटी में हंगामा, तोड़फोड़ और मारपीट कर दी थी। उस समय भी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला था।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


