राष्ट्र के विकास में बराबर की भागीदार हैं महिलाएं-कुलपति
महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण को लेकर आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई में मिशन शक्ति शुरु किया गया। एक सप्ताह तक चलने वाले इस अभियान में सहभागिता और सुरक्षा से संबंधित पोस्टर प्रदर्शनी, मूवी शो, जूडो...
महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण को लेकर आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई में मिशन शक्ति शुरु किया गया। एक सप्ताह तक चलने वाले इस अभियान में सहभागिता और सुरक्षा से संबंधित पोस्टर प्रदर्शनी, मूवी शो, जूडो कराटे व स्वरक्षा प्रशिक्षण का आयोजन किया जाएगा।
कुलपति प्रो. डा. राजकुमार ने जागरुकता कार्यक्रम मिशन शक्ति का उद्घाटन दीप प्रज्जवलित कर किया। महिला सुरक्षा पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि आधुनिक समाज महिला के अधिकारों को लेकर ज्यादा जागरु है। महिलायें हमारे देश की आबादी का लगभग आधा हिस्सा हैं तथा राष्ट्र के विकास में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में भारतीय समाज में महिला सशक्तिकरण लाना है तो महिलाओं के खिलाफ पूर्व से चली आ रही कुप्रथाओं तथा भेदभावपूर्ण नियमों को बदलना होगा।
मिशन शक्ति की मुख्य कोआर्डिनेटर डा. कीर्ति जैसवाल ने बताया कि महिलाओं, बालिकाओं व बच्चों को खुद की सुरक्षा, सम्मान व स्वालंबन के प्रति जागरुक करने के लिए विशेष अभियान मिशन शक्ति का शुभारंभ नवरात्रि के पहले दिन शनिवार से किया जा रहा हैं। जिसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सहभागिता एवं सुरक्षा के लिए अभियान चलाकर आत्मरक्षा के लिए जागरूक तथा प्रशिक्षित करना है।
प्रजापति ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से कुमारी निधि ने बताया कि हमारे आदि ग्रंथों में नारी के महत्व को मानते हुए बताया गया है कि यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता अर्थात जहां नारी की पूजा होती है, वहां देवता निवास करते हैं। लेकिन विडम्बना यह है कि नारी में इतनी शक्ति होने के बावजूद भी आज उसके सशक्तिकरण की अत्यन्त आवश्यकता है। फैकेल्टी मेम्बर डा. आशा पाठक ने कहा कि देश में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सबसे पहले समाज में महिलाओं के अधिकारों और मूल्यों को मारने वाली उन सभी राक्षसी सोच जैसे दहेज प्रथा, अशिक्षा, यौन हिंसा, असमानता, भ्रूण हत्या, महिलाओं के प्रति घरेलू हिंसा आदि को खत्म करना होगा। इस अवसर पर प्रतिकुलपति डा. रमाकान्त यादव, संकायाध्यक्ष डा. आलोक कुमार, चिकित्सा अधीक्षक डा. आदेश कुमार, कुलसचिव सुरेश चन्द्र शर्मा, फैकेल्टी मेम्बर, पीजी मेडिकल स्टूडेन्ट्स आदि मौजूद रहे।