इटावा में रमजान की खरीदारी कर लौट रही वृद्धा को ऑटो ने मारी टक्कर, मौत

Mar 02, 2026 10:50 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, इटावा औरैया
share

Etawah-auraiya News - रमजान की खरीदारी कर घर लौट रही 65 वर्षीय शाबरा बेगम को तेज रफ्तार ऑटो ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने ऑटो को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। अस्पताल में इलाज के दौरान शाबरा को मृत घोषित कर दिया गया।

इटावा में रमजान की खरीदारी कर लौट रही वृद्धा को ऑटो ने मारी टक्कर, मौत

बाजार से रमजान की खरीदारी कर पैदल घर लौट रही महिला की तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ऑटो को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। कस्बा के मोहल्ला तकिया निवासी 65 वर्षीय शाबरा बेगम पत्नी मन्ना अली सोमवार शाम चकरनगर चौराहा से जरूरी सामान खरीदकर अपने घर लौट रही थीं। रमजान को लेकर उन्होंने घर के लिए सामान लिया था। वह पैदल ही इंडेन गैस एजेंसी के पास पहुंची, तभी लखना की ओर से तेज गति से आ रहे एक ऑटो ने सीधी टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि शाबरा बेगम उछलकर सड़क पर दूर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदार और राहगीर मदद के लिए दौड़े। किसी ने पुलिस को सूचना दी तो किसी ने एंबुलेंस बुलाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक बलराम मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल वृद्धा को सरकारी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार किया। हालांकि सिर और शरीर में गंभीर चोटें होने के कारण उनकी हालत नाजुक बनी रही। जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने जांच के बाद शाबरा बेगम को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल परिसर में परिजन रो-रोकर बदहवास हो गए। मृतका के चार बेटे मकसूद अल्वी, नासिर अल्वी, इमरान अल्वी और दुर्वेश अल्वी हैं। उनकी दो बेटियों की शादी हो चुकी है। पुलिस ने हादसे में शामिल ऑटो को कब्जे में ले लिया है। चालक घटना के बाद मौके से भाग गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।