Hindi NewsUttar-pradesh NewsEtawah-auraiya NewsWoman Commits Suicide After Family Harassment and Police Inaction
इटावा में रिश्तेदारों की प्रताड़ना से आहत महिला ने की आत्महत्या

इटावा में रिश्तेदारों की प्रताड़ना से आहत महिला ने की आत्महत्या

संक्षेप:

Etawah-auraiya News - सोमवार शाम एक महिला ने रिश्तेदारों की प्रताड़ना और पुलिस की अनदेखी के कारण आत्महत्या कर ली। महिला ने अपने पति के साथ कोतवाली जाकर शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। महिला के पति का आरोप है कि अगर पुलिस ने समय पर ध्यान दिया होता, तो यह हादसा टल सकता था।

Jan 20, 2026 09:01 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, इटावा औरैया
share Share
Follow Us on

शहर के एक मोहल्ले में सोमवार शाम एक महिला ने रिश्तेदारों की प्रताड़ना और झूठे आरोपों से तंग आकर आत्महत्या कर ली। घटना से कुछ घंटे पहले महिला अपने पति के साथ कोतवाली पहुंचकर रिश्तेदारों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने गई थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने उनकी तहरीर पर कोई कार्रवाई नहीं की। शाम होते-होते महिला ने फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। 30 वर्षीय महिला के पति ने बताया कि करीब एक साल पहले उन्होंने अपनी पत्नी के भाई के साले को शादी के लिए 20 हजार रुपये उधार दिए थे।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

समय बीतने के बावजूद जब रुपये वापस नहीं मिले तो उन्होंने कई बार तकादा किया। रिश्तेदार हर बार टालमटोल करता रहा। सोमवार सुबह पत्नी ने खुद रुपये वापस मांगने के लिए रिश्तेदार को फोन किया, लेकिन इस बातचीत ने बाद में गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि फोन पर बातचीत के दौरान रिश्तेदार की पत्नी ने रुपये लौटाने की बात करने के बजाय महिला से अभद्रता की और उसके चरित्र पर सवाल उठाए। इस घटना से महिला बेहद आहत हो गई। दोपहर में जब महिला का पति घर पर खाना खाने पहुंचे तो पत्नी रोते-बिलखते हुए मिली। उसने फोन पर हुई पूरी बातचीत सुनाई। इसके बाद पति-पत्नी दोनों कोतवाली पहुंचे और रिश्तेदारों के खिलाफ लिखित तहरीर दी। महिला के पति का आरोप है कि थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनकी शिकायत गंभीरता से नहीं ली और कार्रवाई के बजाय उन्हें यह कहकर टाल दिया कि मामला आपसी विवाद का है। पति-पत्नी निराश होकर थाने से लौट आए। पत्नी को घर छोड़कर अपने काम पर चले गया। शाम करीब छह बजे महिला के बड़े बेटे ने फोन कर अपने पिता को बताया कि उसकी मां फंदे से लटकी हुई है। पड़ोस के लोग महिला को फंदे से उतारकर जिला अस्पताल ले गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पति का आरोप है कि अगर समय पर पुलिस ने उनकी शिकायत पर ध्यान दिया होता तो शायद यह हादसा टल सकता था। पति ने बताया घटना के समय उसकी पत्नी के कान में ईयरफोन लगा हुआ था। इससे आशंका है कि आत्महत्या से ठीक पहले भी उसकी किसी रिश्तेदार से फोन पर कहासुनी हो रही थी। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सिटी अभय नारायण राय ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है और सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।