मुख्य सड़क जलभराव से बदहाल, ग्रामीणों में आक्रोश
Etawah-auraiya News - इटावा, संवाददाता। जसवन्तनगर के नगला सलहदी गांव में बलरई मार्ग पर स्थित मुख्य सड़क
इटावा, संवाददाता। जसवन्तनगर के नगला सलहदी गांव में बलरई मार्ग पर स्थित मुख्य सड़क लंबे समय से जलभराव की समस्या से जूझ रही है। सड़क पर कीचड़ युक्त पानी भरने से रास्ता नाले जैसा बन गया है, जिससे रोजाना आने-जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दोपहिया वाहनों के फिसलने का खतरा बना रहता है, पैदल राहगीरों के लिए इस रास्ते से गुजरना मुसीबत से कम नहीं है। खास बात यह है कि बारिश न होने के बावजूद पानी का बहाव लगातार जारी है। ग्रामीण लालसिंह, दीपू धाकरे, रविन्द्र, मनोज, नीरज, अरविन्द, राजू, राहुल सहित कई लोगों ने बताया कि गांव में नाले की कोई पुख्ता व्यवस्था न होने से घरों और खेतों की तरफ से निकलने वाला पानी सीधे सड़क पर आकर जमा हो जाता है।
धीरे-धीरे सड़क पर कीचड़ की मोटी परत बन गई है, जिससे वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि यह समस्या कई महीनों से बनी हुई है, लेकिन शिकायतों के बाद भी सिर्फ आश्वासन ही मिले हैं। ग्रामीण बताते हैं कि स्कूल जाने वाले बच्चों को रोजाना इस गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। बीमार लोगों को अस्पताल ले जाने में भी भारी परेशानी होती है, क्योंकि वाहनों के फंसने और फिसलने का डर हमेशा बना रहता है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नाला निर्माण कराकर सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि जलभराव की समस्या समाप्त हो सके और आवागमन सामान्य हो पाए। इस संबंध में एडीओ पंचायत देवेंद्र सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लिया गया है और प्रस्ताव पारित कर जल्द ही नाली का निर्माण कराया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




