इटावा में मतदाता सूची में मिल रही है कई खामियां, वोटरों को हो रही परेशानी

Jan 18, 2026 09:01 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, इटावा औरैया
share

Etawah-auraiya News - मतदाता सूची के ड्राफ्ट के प्रकाशन के बाद कई त्रुटियां सामने आईं हैं। बीएलओ द्वारा मतदाता सूची का निरीक्षण करते समय पिता के नाम में गलतियाँ, अलग-अलग मतदान केंद्रों पर परिवार के सदस्यों के नाम दर्ज करने और सरनेम में बदलाव जैसी समस्याएँ पाई गईं। मतदाता संशोधन के लिए परेशान हैं।

इटावा में मतदाता सूची में मिल रही है कई खामियां, वोटरों को हो रही परेशानी

एसआईआर में मतदाता सूची के ड्राफ्ट के प्रकाशन के बाद रविवार को दूसरी बार सभी बीएलओ मतदाता सूची को लेकर बूथ पर बैठे थे। मतदाताओं को यह सूची पढ़कर सुनाई गई, दिखाई भी गई। इसके साथ ही एएसडीडी की सूची भी पढ़ी गई तो मतदाता सूची में कई खामियां दिखाई दीं। अब इनमें संशोधन के लिए मतदाता परेशान हैं। कहीं पिता के नाम की जगह नाना का नाम लिख दिया है, तो कही पिता की जगह पड़ोसी का नाम लिखा मिला। इसके साथ ही एक स्थान पर सरनेम में यादव के स्थान पर पाठक लिख दिया। पति पत्नी के मतदान केंद्र भी अलग-अलग स्थान पर कर दिए गए हैं।

जीजीआईसी मतदान केंद्र पर सूर्यांशी पाठक का नाम मतदाता सूची में दर्ज किया है। इनके पिता का नाम जितेंद्र पाठक है लेकिन मतदाता सूची में पिता के नाम के स्थान पर सूर्यांशी के नाना का नाम बुद्धि प्रकाश दीक्षित लिख दिया गया है। मतदाता सूची का अवलोकन करने पर यह त्रुटि दिखाई दी तो बीएलओ का ध्यान दिलाया गया। इसके बाद पिता के नाम में संशोधन के लिए फॉर्म 8 भराया गया। बकेवर में पटेल नगर की सूची में मकान नंबर 636 पर स्वराज प्रकाश तिवारी व उनके परिवार के वोट हैं। इसी मकान नम्बर पर 83 वर्षीय राम प्रकाश व उनकी पत्नी सीता का वोट अंकित है। मतदाता सूची में रामप्रकाश के पिता के स्थान पर अन्य स्वराज प्रकाश अंकित है, जबकि स्वराज प्रकाश तिवारी ने बताया कि राम प्रकाश नाम का उनके परिवार में भी कोई नहीं हैं। शहर में स्थित जनता इंटर कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पर एक ऐसा मामला भी सामने आया है जब मतदाता के पिता के नाम में यादव के स्थान पर पाठक लिख दिया गया। यहां रमेश बाबू का बूथ नंबर 177 पर वोट बना हुआ है। उनके पिता का नाम महेंद्र सिंह है लेकिन मतदाता सूची का जो ड्राफ्ट सामने आया है उसमें पिता का नाम महेंद्र पाठक लिख दिया गया है, जबकि रमेश बाबू यादव हैं। इस त्रुटि पर भी रविवार को मतदाता सूची के अवलोकन के दौरान नजर पड़ी। तब रमेश बाबू ने देखा कि उनके पिता का तो सरनेम ही बदल दिया गया। कई स्थानों पर मकान नंबर भी बदले गए हैं और एक ही परिवार के नाम दो अलग-अलग स्थान पर भी दर्ज कर दिए गए हैं। खास बात यह है कि दोनों स्थानों पर मकान नंबर भी बदल दिए गए हैं। इसके साथ ही बूथ बदले जाने की शिकायत भी मिली है। ऐसे ही एक मामले में तो पति और पत्नी का मतदान केंद्र ही अलग-अलग कर दिया गया और दोनों के मतदान केंद्र में करीब 1 किलोमीटर की दूरी है। लाइन पार क्षेत्र में स्थित वीणा वादिनी इंटर कॉलेज में बूथ नंबर 161 पर मतदाता के रूप में प्रदीप सक्सेना का नाम दर्ज है। उनकी माताजी और उनके भाई का नाम भी इसी बूथ पर दर्ज है, लेकिन उनकी पत्नी रंजना सक्सेना का नाम एक दूसरे मतदान केंद्र जनता इंटर कॉलेज के बूथ नंबर 177 की मतदाता सूची में दर्ज किया गया है। यह पूरा परिवार एक ही मकान में रहता है और अब उनके नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हो गए है। एक ऐसा मामला भी आया है जिसमें परिवर के सदस्यों के नाम अलग अलग बूथों पर दर्ज कर लिए गए हैं। मतदाता बृजेश कुमार का नाम जनता इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 173 में दर्ज है जबकि उनके बेटे चिराग का नाम बूथ संख्या 147 की मतदाता सूची में लिखा गया है । जब बृजेश कुमार को अपने बूथ की मतदाता सूची में पुत्र का नाम नहीं मिला तो उन्होंने दूसरे बूथों की सूची का अवलोकन किया तब कहीं जाकर मतदाता सूची में दूसरे बूथ पर उनके पुत्र का नाम मिला।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।