चालक को जबरन ले जाकर पीटने का आरोप, हंगामा -दोनों पक्ष आमने-सामने

Apr 05, 2026 11:41 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, इटावा औरैया
share

Etawah-auraiya News - ग्राम बघुईया में ट्रक चालक प्रवेश को उसके मालिक सुनील कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर कार में डालकर ले जाने और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। करीब तीन माह का भुगतान बकाया होने के चलते विवाद उत्पन्न हुआ। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चालक को जबरन ले जाकर पीटने का आरोप, हंगामा -दोनों पक्ष आमने-सामने

सैफई, संवाददाता। क्षेत्र के ग्राम बघुईया में ट्रक चालक को कार में डालकर ले जाने और मारपीट करने के आरोप से हड़कंप मच गया। पीड़ित पक्ष ने ट्रक मालिक व उसके साथियों के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, ट्रक मालिक ने पूरे मामले को रुपये के लेनदेन का विवाद बताया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम बघुईया निवासी देवेंद्र ने बताया कि उसका छोटा भाई प्रवेश उर्फ बब्बू गांव के ही सुनील कुमार का ट्रक चलाता है। आरोप है कि ट्रक पर कार्य करने के बावजूद करीब तीन माह का भुगतान बकाया था।

दो अप्रैल को सुनील कुमार अपने पांच-सात साथियों के साथ कार से गांव आया और घर के पास से प्रवेश को जबरन अपने साथ ले गया। परिजनों का आरोप है कि उसे बंधक बनाकर मारपीट की गई। मारपीट का वीडियो कॉल के जरिए दूसरे ट्रक चालक को दिखाया गया और संबंधित फोटो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित किए गए। सूचना मिलने पर परिजनों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को अवगत कराया और एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र राठी पुलिस टीम के साथ सक्रिय हुए।शनिवार शाम ट्रक मालिक सुनील कुमार स्वयं प्रवेश को लेकर थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों से अलग-अलग पूछताछ की। ट्रक मालिक का कहना है कि चालक पर उसके करीब 39 हजार रुपये बकाया थे। इसी को लेकर उसे साथ ले जाया गया था। वहीं, परिजनों का आरोप है कि प्रवेश के शरीर पर चोट के निशान हैं और उसके साथ गंभीर मारपीट हुई है। रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंचे और निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दोनों पक्षों का मेडिकल कराया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।