Hindi NewsUttar-pradesh NewsEtawah-auraiya NewsTragic Discovery Young Man Found Hanging from Tree in Nodhna-Bojha Road Incident
इटावा में फंदे पर लटका मिला युवक का शव, पिता ने चार युवकों पर हत्या का लगाया आरोप

इटावा में फंदे पर लटका मिला युवक का शव, पिता ने चार युवकों पर हत्या का लगाया आरोप

संक्षेप: Etawah-auraiya News - मंगलवार की सुबह नोधना-बोझा मार्ग पर एक आम के पेड़ से 20 वर्षीय मानसिंह का शव फंदे से लटका मिला। मृतक के पिता ने चार युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। मानसिंह ने सोमवार को ऑटो बुकिंग के बहाने उनके साथ जाने की बात कही थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार कर रही है।

Tue, 4 Nov 2025 11:10 PMNewswrap हिन्दुस्तान, इटावा औरैया
share Share
Follow Us on

मंगलवार की सुबह नोधना-बोझा मार्ग पर एक आम के पेड़ से युवक का शव फंदे से लटका मिलने पर सनसनी फैल गई। शव के पास ही उसका ऑटो खड़ा मिला, जिससे मौके पर पहुंचे ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतक के पिता ने पड़ोस गांव के चार युवकों पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। नसीरपुर बोझा निवासी 20 वर्षीय मानसिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह ऑटो चलाकर भरण पोषण करता था। मानसिंह के पिता वीरेंद्र सिंह गांव में रहते हैं और शारीरिक रूप से विकलांग हैं, उन्हें दिखाई नहीं देता।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

परिवार में मां गंगावती देवी, दो छोटे बेटे अनुज और विक्रम, तथा एक बेटी रोशनी है। पिता वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार की सुबह पड़ोस गांव के चार युवक उनके बेटे को ऑटो बुकिंग के बहाने अपने साथ ले गए थे। दोपहर करीब दो बजे वह घर लौटा और बताया कि उसे मोबाइल और बैंक की किस्त जमा करनी है। इसके लिए वह घर से 25 हजार रुपये लेकर फिर निकल गया। रात होने पर जब वह घर नहीं लौटा तो उसे कई बार फोन किया, लेकिन मोबाइल नहीं उठा। परिवार पूरी रात बेटे के लौटने का इंतजार करता रहा। मंगलवार सुबह करीब सात बजे गांव से लगभग 500 मीटर दूरी पर जाहरवीर मंदिर के पास स्थित सोनेलाल की बगिया में ग्रामीणों ने एक युवक का शव पेड़ से लटका देखा। पास में ही एक ऑटो खड़ा था। पास जाकर देखा तो शव मानसिंह का था। यह देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही सैकड़ों की संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। पिता वीरेंद्र सिंह का कहना है कि जिन चार युवकों ने सोमवार को बेटे को बुकिंग पर बुलाया था, उन्हीं लोगों ने उसकी हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया है, ताकि मामला आत्महत्या का लगे। उन्होंने कहा कि उनके बेटे की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। सूचना मिलते ही पुलिस बल के मौके पर पहुंचा। फोरेंसिक टीम को बुलवाकर मौके की बारीकी से जांच कराई। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य इकट्ठा किए, ऑटो और आसपास की वस्तुओं की जांच की, साथ ही शव के गले में फंदे के निशान और जमीन की स्थिति का भी निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष विपिन मलिक ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई प्रार्थना पत्र प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस मामले की जांच गंभीरता से कर रही है।