दो बाइकों की टक्कर में युवक की मौत, 12 दिन में दूसरे भाई की भी गई जान
इटावा में बिठौली थाना क्षेत्र के लालपुरा मोड़ पर दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक का नाम गोलू था, जो अपने पीछे गर्भवती पत्नी और छोटे बेटे को छोड़ गया है। 12 दिन पहले उसके छोटे भाई की भी सड़क दुर्घटना में मौत हुई थी।

इटावा। बिठौली थाना क्षेत्र के लालपुरा मोड़ तिराहे पर शुक्रवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। महज 12 दिन पहले ही उसके छोटे भाई की भी सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी थी। कालेश्वर गड़िया निवासी 34 वर्षीय गोलू पुत्र कमल सिंह शुक्रवार शाम खेत से काम निपटाकर घर लौट रहा था। जैसे ही वह लालपुरा तिराहे के पास पहुंचा, सामने से तेज रफ्तार में आ रही बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि गोलू गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में दूसरी बाइक का चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे परिजन निजी अस्पताल में भर्ती कराए हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। बताया गया कि मृतक गोलू पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसके छोटे भाई अर्जुन सिंह की 12 दिन पहले गाजियाबाद में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। परिवार में लगातार दो बेटों की मौत से कोहराम मचा हुआ है। मृतक अपने पीछे पत्नी लाली और एक मासूम बेटे को छोड़ गया है, जबकि उसकी पत्नी गर्भवती है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


