इटावा में नौकरी करने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत

Feb 13, 2026 08:35 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, इटावा औरैया
share

Etawah-auraiya News - आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर जोनई और नोरमई गांव के बीच एक तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से 26 वर्षीय युवक आक्रोश की मौत हो गई। वह नौकरी के लिए गुरुग्राम जा रहा था। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोश की एक साल की बेटी और पत्नी है।

इटावा में नौकरी करने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत

आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर जोनई और नोरमई गांव के बीच शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से नौकरी के लिए निकले एक युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और वाहन की तलाश में जुट गई है। मृतक की पहचान उसकी जेब में मिले आधार कार्ड से लवेदी क्षेत्र के चंदरपुरा गांव निवासी 26 वर्षीय आक्रोश पुत्र कृष्ण कुमार के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और रिश्तेदार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।

मृतक के ताऊ शांति कॉलोनी निवासी महेश कुमार ने बताया कि आक्रोश शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अपने गांव से निकला था। वह अपनी बुआ मिथलेश से बाइक मांगकर लाया था और सबसे पहले शहर की शांति कॉलोनी में उनसे मिलने पहुंचा था। आक्रोश इसके बाद बाइक वापस करने के लिए शिकोहाबाद जा रहा था। वहां से किसी अन्य वाहन से गुरुग्राम जाने वाला था, जहां वह नौकरी करता था। दोपहर करीब दो बजे जैसे ही वह जोनई और नोरमई गांव के बीच हाईवे पर पहुंचा, तभी किसी तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने एंबुलेंस से घायल को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही पत्नी निकिता सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आक्रोश की शादी दो वर्ष पहले हुई थी और उसकी एक वर्ष की मासूम बेटी है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।